क्रेडिट स्कोर अचानक कम हो गया? इन कारणों पर दें ध्यान
क्या है खबर?
समय पर लोन की EMI और क्रेडिट कार्ड का बिल चुकाने के बावजूद अगर क्रेडिट स्कोर गिर जाए, तो चिंता होना स्वाभाविक है। आमतौर पर लोग मानते हैं कि स्कोर पर सबसे ज्यादा असर भुगतान में देरी का पड़ता है। हालांकि, क्रेडिट स्कोर तय करने में कई दूसरी चीजें भी भूमिका निभाती हैं। कार्ड का ज्यादा इस्तेमाल, नई लोन पूछताछ, पुराने खातों में बदलाव और क्रेडिट रिपोर्ट की गलतियां भी इसकी वजह बन सकती हैं।
#1
क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल सीमित रखें
सबसे पहले देखें कि आप अपनी कुल क्रेडिट लिमिट का कितना हिस्सा इस्तेमाल कर रहे हैं। इसे क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेश्यो कहा जाता है।
अगर आपकी कुल लिमिट 2 लाख रुपये है और बकाया 80 हजार रुपये है, तो इस्तेमाल 40 प्रतिशत होगा। बिल समय पर चुकाने के बावजूद ज्यादा बैलेंस रिपोर्ट होने से स्कोर प्रभावित हो सकता है।
इसलिए कार्ड का इस्तेमाल जरूरत के अनुसार करें और बकाया रकम कम रखने की कोशिश करें।
#2
बार-बार नए लोन के लिए आवेदन न करें
कम समय में कई क्रेडिट कार्ड या लोन के लिए आवेदन करने से क्रेडिट स्कोर पर असर पड़ सकता है।
हर आवेदन पर लेंडर आपकी क्रेडिट रिपोर्ट जांचता है, जिससे हार्ड इन्क्वायरी बनती है। एक-दो पूछताछ से बड़ा फर्क नहीं पड़ता, लेकिन लगातार कई आवेदन करने पर यह संकेत मिल सकता है कि आप ज्यादा क्रेडिट लेना चाहते हैं।
इसलिए आवेदन करने से पहले अलग-अलग ऑफर की तुलना करें। अपना स्कोर देखना हार्ड इन्क्वायरी नहीं माना जाता।
#3
पुराने कार्ड सोचकर बंद करें
स्कोर कम होने पर अपनी नई क्रेडिट रिपोर्ट को पुरानी रिपोर्ट से मिलाएं।
गलत बकाया, देर से भुगतान, अनजान अकाउंट या गलत पूछताछ दिखे तो लेंडर और क्रेडिट ब्यूरो से शिकायत करें। पुराने कार्ड को बंद करने से पहले उसकी उम्र और लिमिट भी देखें।
ज्यादा लिमिट वाला कार्ड बंद करने से कुल उपलब्ध क्रेडिट घट सकता है। साथ ही, हर EMI समय पर दें और गैर-जरूरी नए क्रेडिट आवेदन से बचें।