LOADING...
DGCA ने शुरू की स्पाइसजेट और अकासा के विमानों की टक्कर की जांच
स्पाइसजेट और अकासा के विमानों की टक्कर में दोनों को नुकसान हुआ है

DGCA ने शुरू की स्पाइसजेट और अकासा के विमानों की टक्कर की जांच

Apr 17, 2026
01:43 pm

क्या है खबर?

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने गुरुवार दोपहर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर अकासा एयर और स्पाइसजेट के विमानों के बीच हुई टक्कर के बाद जांच शुरू कर दी है। इस घटना में दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा है और उन्हें हवाई अड्डे पर ही रोक दिया गया। DGCA ने बताया कि जांच पूरी होने तक एक एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (ATC) अधिकारी और स्पाइसजेट के पायलट्स को ड्यूटी से हटा दिया गया है।

कार्रवाई 

अब तक क्या हुई कार्रवाई?

इस घटना का जिक्र करते हुए DGCA ने कहा, "जमीन पर संचालन के दौरान, स्पाइसजेट विमान का दाहिना विंगलेट अकासा विमान के बाएं हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर से टकरा गया। दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा है। जांच और मरम्मत के लिए उन्हें ग्राउंडेड कर दिया गया।" विज्ञप्ति में बताया, "DGCA ने ग्राउंड हैंडलिंग पहलुओं सहित एक और जांच शुरू की है। जांच लंबित रहने तक, स्पाइसजेट विमान के पायलट्स और संबंधित एयर ट्रैफिक कंट्रोल अधिकारी को ड्यूटी से हटा दिया गया है।"

घटना 

ऐसे हुई थी घटना

शुरुआती जानकारी के अनुसार, अकासा एयर के विमान में बे (पार्किंग स्लॉट) नंबर 104 से बाहर निकलने के लिए इंजन स्टार्ट करने की तैयारी की जा रही थी। इस दौरान बे नंबर 108 के पास खड़े स्पाइसजेट का विमान के पायलट द्वारा अकासा विमान से दूरी की पुष्टि करने के बाद ATC द्वारा बे नंबर 106 तक जाने की अनुमति दी गई थी। स्पाइसजेट के पायलट ने विंग वॉकर की अनुमति के बिना ही मोड़ लिया, जिससे टक्कर हो गई।

Advertisement