पनामा नहर की कतार में आगे निकलने के लिए कंटेनर जहाज ने चुकाई भारी कीमत
सीस्पैन बेनिफैक्टर नाम के एक बड़े कंटेनर जहाज ने पनामा कैनाल की कतार में पहले नंबर पर आने के लिए मालिक ने नीलामी में 40 लाख डॉलर (करीब 38 करोड़ रुपये) की भारी रकम अदा की है। यह रकम पिछले 7 दिनों में हुए औसत भुगतान से दोगुनी से भी ज्यादा है।
दरअसल, पनामा कैनाल में जहाजों को एक सप्ताह से भी ज्यादा समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में इस लगभग रिकॉर्ड तोड़ बोली की बदौलत यह जहाज अपनी बारी का इंतजार किए बिना कतार में सबसे आगे निकल गया।
नीलामी की कीमतें बढ़ी
पनामा कैनाल में जहाजों के लिए एक नीलामी सिस्टम बना हुआ है, जिसके तहत वे अपनी बारी से पहले निकलने के लिए ज्यादा पैसे दे सकते हैं।
फिलहाल ग्लोबल ट्रेड पर बढ़ते दबाव की वजह से इन नीलामियों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।
दरअसल, दुनिया के दूसरे समुद्री रास्तों पर चल रहे टकरावों, पनामा कैनाल की मरम्मत के कामों और अल नीनो के कारण कम हुए जलस्तर ने यहां जहाजों की भीड़ और बढ़ा दी है।
अब कुछ जहाजों को यहां 10-10 दिन तक रुकना पड़ रहा है। यही वजह है कि कुछ जहाज मालिक इस लंबी कतार से बाहर निकलने के लिए कितना भी पैसा खर्च करने को तैयार रहते हैं।