वैश्विक मांग की उम्मीद में कच्चे तेल में तेजी, ब्रेंट 72 डॉलर के पार
क्या है खबर?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मंगलवार (7 जुलाई) को कच्चे तेल की कीमतों में हल्की बढ़त दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड 0.39 प्रतिशत बढ़कर 72.29 डॉलर प्रति बैरल और WTI क्रूड 0.26 प्रतिशत चढ़कर 68.84 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। हालांकि, कीमतों में तेजी सीमित रही, क्योंकि निवेशकों का ध्यान अब पश्चिम एशिया के तनाव से हटकर वैश्विक सप्लाई और मांग की स्थिति पर आ गया है। इसी वजह से बाजार फिलहाल सतर्क बना हुआ है।
#1
ईरान और अमेरिका की बातचीत पर नजर
बाजार की नजर अमेरिका और ईरान के बीच जारी बातचीत पर बनी हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ समझौता या कड़ा कदम उठाने की बात दोहराई है। वहीं निवेशक होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल आपूर्ति और खाड़ी देशों के निर्यात की स्थिति पर भी नजर रखे हुए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि संघर्षविराम के बावजूद बाजार अभी पूरी तरह निश्चिंत नहीं है और सावधानी बरत रहा है।
#2
OPEC+ और UAE से बढ़ी सप्लाई
तेल बाजार पर सप्लाई बढ़ने का भी असर दिखाई दे रहा है। OPEC+ देशों ने अगस्त से उत्पादन लक्ष्य में प्रतिदिन 1.88 लाख बैरल की और बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। वहीं संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने जून में अपना उत्पादन बढ़ाकर 38 लाख बैरल प्रतिदिन से अधिक कर दिया, जो अप्रैल 2020 के बाद सबसे ऊंचा स्तर माना जा रहा है। इससे बाजार में अतिरिक्त आपूर्ति की उम्मीद और मजबूत हुई है।
#3
सऊदी अरब ने घटाई तेल की कीमत
सऊदी अरब ने एशियाई ग्राहकों के लिए अगस्त महीने में अपने प्रमुख अरब लाइट क्रूड की आधिकारिक बिक्री कीमत भी कम कर दी है। कंपनी ने कीमत में 1.10 डॉलर प्रति बैरल की कटौती की, जो दो दशक से ज्यादा समय की सबसे बड़ी मासिक कमी मानी जा रही है। विश्लेषकों का कहना है कि अब बाजार की अगली दिशा चीन समेत बड़े देशों की मांग और वास्तविक खपत के आंकड़ों पर निर्भर करेगी।