LOADING...
कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा, दिल्ली में 195.50 रुपये बढ़ी कीमत
होटल पहले से ही गैस की कमी और बढ़ती लागत से जूझ रहे हैं

कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा, दिल्ली में 195.50 रुपये बढ़ी कीमत

Apr 01, 2026
09:13 am

क्या है खबर?

मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के बीच कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में आज (1 अप्रैल) फिर बढ़ोतरी हुई है। 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 195.50 रुपये और कोलकाता में 218 रुपये तक बढ़ा दी गई है। नई कीमतें तुरंत लागू हो गई हैं। इससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव बढ़ने की संभावना है। बता दें, होटल पहले से ही गैस की कमी और बढ़ती लागत से जूझ रहे हैं।

वजह

युद्ध और सप्लाई संकट का असर

विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का सीधा असर ऊर्जा बाजार पर पड़ा है। तेल की सप्लाई में रुकावट और कमी के कारण कीमतों में तेजी आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी के बाद से वैश्विक तेल कीमतों में करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। यही कारण है कि LPG की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे रोजमर्रा के खर्च और व्यापार दोनों पर असर पड़ रहा है।

कीमत

अलग-अलग शहरों में कीमतें

कीमत बढ़ने से पहले ही देश के कई शहरों में LPG सिलेंडर महंगे थे। दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 1,884.50 रुपये और लखनऊ में करीब 2,007 रुपये था। मुंबई, चेन्नई और हैदराबाद जैसे शहरों में भी कीमतें पहले से ऊंचे स्तर पर थीं। घरेलू सिलेंडरों की कीमत भी कई जगहों पर 900 से 1,000 रुपये के बीच बनी हुई है। ऐसे में नई बढ़ोतरी ने आम लोगों और व्यवसायों दोनों की चिंता बढ़ा दी है।

Advertisement

बदलाव

हर महीने बदलती हैं गैस की कीमतें

सरकारी तेल कंपनियां जैसे इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम हर महीने की पहली तारीख को LPG की कीमतों में बदलाव करती हैं। ये बदलाव अंतरराष्ट्रीय बाजार और रुपये की स्थिति पर आधारित होते हैं। पिछले महीने भी घरेलू और कमर्शियल दोनों सिलेंडरों की कीमतें बढ़ाई गई थीं। अब लगातार बढ़ रही कीमतों से लोगों की जेब पर बोझ बढ़ रहा है और आने वाले समय को लेकर चिंता भी बनी हुई है।

Advertisement