Loading...
कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 11 रुपये तक बढ़े, विमान ईंधन भी हुआ महंगा
कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ महंगा

कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 11 रुपये तक बढ़े, विमान ईंधन भी हुआ महंगा

Sep 01, 2026
01:55 pm

क्या है खबर?

कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने आज (1 सितंबर) से बढ़ोतरी कर दी है। होटल, रेस्टोरेंट और दूसरे कारोबारों में इस्तेमाल होने वाला 19 किलो का LPG सिलेंडर कई शहरों में महंगा हो गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 9.50 रुपये बढ़कर 2,747.50 रुपये हो गई है। मुंबई में नया दाम 2,701 रुपये और चेन्नई में 2,916.50 रुपये है। बढ़ी कीमतों से कारोबारों का खर्च बढ़ सकता है और इसका असर ग्राहकों पर पड़ सकता है।

बढ़ोतरी

कोलकाता में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी

कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में शहरों के हिसाब से अलग बढ़ोतरी हुई है।

कोलकाता में 19 किलो का सिलेंडर 11.50 रुपये महंगा होकर 2,884 रुपये हो गया है। भुवनेश्वर और हैदराबाद में सिलेंडर 11 रुपये महंगा हुआ है। यहां नए दाम क्रमशः 2,919 रुपये और 2,996 रुपये हैं।

बेंगलुरु में इसकी कीमत 10 रुपये बढ़कर 2,831 रुपये और तिरुवनंतपुरम में 2,784 रुपये हो गई है। पटना में कीमत बढ़कर 3,029 रुपये पहुंच गई है।

घरेलू गैस

घरेलू गैस की कीमत नहीं बदली

कमर्शियल LPG महंगा होने के बावजूद घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी इस बढ़ोतरी का सीधा असर घरेलू ग्राहकों पर नहीं पड़ेगा।

इसके अलावा, 5 किलो वाले नॉन-डोमेस्टिक LPG सिलेंडर की कीमत भी 2 रुपये बढ़कर 764 रुपये हो गई है। नए दाम 1 सितंबर से लागू हैं। कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से होटल, रेस्टोरेंट और दूसरे छोटे-बड़े कारोबारों का मासिक खर्च बढ़ सकता है।

ADVERTISEMENT

विमान ईंधन

विमान का ईंधन भी हुआ महंगा

कमर्शियल गैस के साथ विमानों में इस्तेमाल होने वाला एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF भी महंगा हो गया है।

इसकी कीमत में 5.46 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। घरेलू एयरलाइंस के लिए ATF अब 121.28 रुपये प्रति लीटर मिलेगा, जबकि पहले कीमत 115 रुपये थी। अगस्त में भी इसमें 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी।

लगातार दूसरे महीने जेट फ्यूल महंगा होने से एयरलाइंस के ईंधन खर्च पर दबाव बढ़ सकता है।

ADVERTISEMENT