मुंबई में CNG की कीमतों में 1.5 रुपये का इजाफा, जानिए क्या होगा इसका असर
क्या है खबर?
मुंबई और आस-पास के इलाकों में रविवार (15 नवंबर) से कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में 1.5 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है, जिससे इसकी खुदरा कीमत 91.50 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) की ओर से इस साल में कीमतों में की गई यह 8वीं बढ़ोतरी है। इस तरह जनवरी से अब तक कुल बढ़ोतरी 11 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है।
बढ़ोतरी
कब-कब कितनी बढ़ी कीमत?
साल की शुरुआत में CNG की कीमत 80.50 रुपये प्रति किलोग्राम थी। 11 महीने से भी कम समय में इसमें लगभग 14 फीसदी की वृद्धि हुई है।
इससे 12.93 लाख ऑटो-रिक्शा, टैक्सी चालकों, निजी वाहन मालिकों और सार्वजनिक परिवहन वाहनों के ईंधन खर्च में इजाफा हो गया है।
1 नवंबर को एक रुपये की बढ़ोतरी के बाद 14 नवंबर की आधी रात से संशोधित कीमतें लागू हो गईं। सितंबर से अब तक कीमतों में 5.50 रुपये की वृद्धि हुई है।
कारण
इस कारण कीमत बढ़ाई
MGL ने इस ताजा बदलाव का कारण गैस खरीद की बढ़ती लागत, घरेलू स्तर पर उत्पादित प्राकृतिक गैस के आवंटन में कमी और आयातित रीगैसिफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस (RLNG) पर बढ़ती निर्भरता को बताया है।
एक बयान में कंपनी ने कहा कि मध्य पूर्व में चल रहे संकट के कारण गैस खरीद का खर्च बढ़ गया है।
इसके अलावा, मजबूत मांग और कंपनी की आपूर्ति में आयातित गैस की अधिक हिस्सेदारी के चलते कुल इनपुट लागत भी बढ़ गई है।