CNG हुई महंगी, मुंबई में 2 रुपये बढ़कर 86 रुपये किलो पहुंची कीमत
क्या है खबर?
मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में CNG इस्तेमाल करने वालों को फिर झटका लगा है। सरकारी गैस कंपनी महानगर गैस लिमिटेड ने शनिवार से CNG की कीमत 2 रुपये प्रति किलो बढ़ा दी है। इसके बाद मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और आसपास के इलाकों में CNG का नया रेट 86 रुपये प्रति किलो हो गया है। इससे पहले 14 मई को भी कंपनी ने 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की थी।
खर्च
गाड़ी वालों का बढ़ेगा खर्च
नई कीमत लागू होने के बाद रोज CNG से चलने वाली निजी कार, टैक्सी और दूसरे सार्वजनिक वाहन चलाने वालों का खर्च बढ़ जाएगा। हालांकि, CNG अभी भी पेट्रोल और डीजल के मुकाबले प्रति किलोमीटर सस्ती मानी जा रही है। महानगर गैस लिमिटेड फिलहाल मुंबई के साथ ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण, रायगढ़, रत्नागिरी, लातूर और कुछ दूसरे शहरों में भी CNG की सप्लाई दे रही है, जिससे बड़ी संख्या में लोग जुड़े हैं।
पेट्रोल-डीजल
पेट्रोल-डीजल भी पहले से महंगे
इस बीच पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी हाल के दिनों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मुंबई में पेट्रोल अब 111.21 रुपये प्रति लीटर और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। सोमवार को पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये महंगा हुआ था। दो हफ्ते से भी कम समय में यह चौथी बढ़ोतरी रही है। इससे आम लोगों के रोजमर्रा के खर्च पर असर पड़ रहा है।
दबाव
युद्ध से बढ़ा दबाव
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और अमेरिका-ईरान के युद्ध का असर दुनियाभर के ऊर्जा बाजार पर दिख रहा है। होर्मुज स्ट्रेट से तेल और गैस की सप्लाई में रुकावट बनी हुई है, जिससे कीमतों में उतार-चढ़ाव बढ़ा है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों और सरकारी विभागों से ईंधन बचाने, गैर-जरूरी यात्रा कम करने और जरूरत पड़ने पर घर से काम को बढ़ावा देने की अपील की है।