चीन ने जेंसेन हुआंग जासूसी कराने के आरोपाें से किया इनकार, बदनाम करने की मुहिम बताया
क्या है खबर?
चीन ने इस बात से इनकार किया कि एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसेन हुआंग को फंसाने के लिए कोई जासूसी साजिश रची गई। उसने इन जासूसी के आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि यह बीजिंग के खिलाफ एक बदनाम करने का अभियान है। हुआंग ने एनवीडिया बोर्ड को बताया है कि उनके एक बिजनेस कार्यकारी के साथ करीबी संबंध थे, वहीं अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पता लगाया कि वह महिला बीजिंग के लिए जानकारी जुटा रही थी।
खंड़न
इन दावों को किया खंडन
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने सोमवार को कहा, "चीनी जासूस होने का तथाकथित आरोप बेबुनियाद है। यह देश को बदनाम करने की कोशिश के अलावा और कुछ नहीं है।"
चीन ने न्यूयॉर्क टाइम्स की उस रिपोर्ट का खंडन किया था, जिसमें कहा गया था कि हुआंग के एलिस हुआंग नाम की एक चीनी नागरिक के साथ करीबी संबंध थे।
एलिस एक ऐसी कंपनी चलाती थीं, जिस पर चीन में एडवांस चिप्स की तस्करी करने का आरोप था।
जांच
कंपनी ने भी शुरू की जांच
चिप कंपनी के CEO एक विवाद के केंद्र में हैं। यह विवाद इस बात को लेकर है कि क्या उन्होंने चीन को एडवांस्ड कंप्यूटर चिप्स की बिक्री को बढ़ावा दिया, जबकि अमेरिका ने चीन की इन एडवांस्ड तकनीकों तक पहुंच को सीमित करने के लिए तकनीकी प्रतिबंध लगा रखे हैं।
एनवीडिया ने रविवार को कहा कि कंपनी इस मामले की जांच शुरू करेगी। हुआंग ने विवाहेतर संबंध वाली महिला का नाम नहीं बताया।