नया पैन कार्ड बनवाना हो या करना हो अपडेट, अगने महीने से बदल रहे नियम
क्या है खबर?
स्थायी खाता संख्या (पैन) कार्ड आवेदन से संबंधित कई बदलाव 1 अप्रैल से लागू होने वाले हैं। हाल ही में CSC E-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया ने एक्स पोस्ट में इसकी जानकारी दी है। पोस्ट के अनुसार, नए नियमों से पैन कार्ड के लिए आवेदन करने या उसकी प्रक्रिया पूरी करने के तरीके पर असर पड़ेगा। ये सभी संशोधन उन लोगों पर लागू होंगे, जो 1 अप्रैल को या उसके बाद नए कार्ड के लिए आवेदन या कोई अपडेट करते हैं।
बदलाव
आधार कार्ड के अनुसार होगा नाम
31 मार्च तक पैन आवेदन केवल आधार कार्ड के माध्यम से किए जा सकते थे, लेकिन 1 अप्रैल से आवेदकों को अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने होंगे। इसलिए, आपके पास आधार-आधारित प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन करने का यह अंतिम अवसर है। पैन कार्ड पर नाम केवल आधार कार्ड के अनुसार ही होगा। इसलिए, आवेदकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके आधार कार्ड की जानकारी सही हो। अपडेटेड प्रक्रिया के तहत जल्द ही नए पैन आवेदन फॉर्म जारी किए जाएंगे।
दस्तावेज
इन अतिरिक्त दस्तावेजों की होगी जरूरत
पैन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले आवेदकों को अपने आवेदन के साथ अतिरिक्त सहायक दस्तावेज जमा करने होंगे। इनमें जन्म प्रमाण पत्र, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, मैट्रिक प्रमाण पत्र, मजिस्ट्रेट द्वारा जारी शपथ पत्र और अन्य सरकारी दस्तावेज शामिल हैं। अधिकारियों ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे पैन से संबंधित औपचारिकताओं को समय सीमा से पहले पूरा कर लें ताकि उन्हें कई दस्तावेज उपलब्ध कराने के अतिरिक्त बोझ से बचाया जा सके।