पिछले सप्ताह 8 कंपनियों का पूंजीकरण बढ़ा, 4.13 लाख करोड़ रुपये कमाए
क्या है खबर?
पिछले सप्ताह शीर्ष-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 8 का संयुक्त बाजार मूल्यांकन 4.13 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया, जिसमें HDFC बैंक और ICICI बैंक को सबसे ज्यादा फायदा हुआ। यह बढ़त शेयर बाजार में सकारात्मक रुझान के कारण देखी गई है। इस दौरान BSE का बेंचमार्क सेंसेक्स 4,230.7 अंक या 5.77 प्रतिशत और NSE का निफ्टी 1,337.5 अंक या 5.88 प्रतिशत बढ़ा है। अमेरिका-ईरान के बीच अस्थायी युद्धविराम को लेकर आशावाद के चलते बाजार का माहौल सकारात्मक बना है।
बढ़त
इन कंपनियों को हुआ फायदा
बढ़त की बात करें तो HDFC बैंक का पूंजीकरण 91,282 करोड़ बढ़कर 12.47 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि ICICI बैंक का 76,036 करोड़ बढ़कर 9.46 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसी प्रकार बजाज फाइनेंस को 60,980 करोड़, लार्सन एंड टुब्रो काे 47,624 करोड़, भारती एयरटेल को 45,873 करोड़ और भारतीय स्टेट बैंक को 43,614 करोड़ रुपये का फायदा हुआ। अन्य कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का पूंजीकरण 26,303 करोड़ और हिंदुस्तान यूनिलीवर का 21,287 करोड़ रुपये बढ़ा है।
नुकसान
मुकेश अंबानी की कंपनी को लगा झटका
पिछले सप्ताह 2 ही कंपनियां ऐसी रही हैं, जिनका पूंजीकरण घटा है। इनमें शामिल इंफोसिस का मार्केट कैप 3,285 करोड़ घटकर 5.24 लाख करोड़ रुपये हो गया। दूसरी रिलायंस इंडस्ट्रीज का मूल्यांकन 947 करोड़ घटने के बाद 18.27 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। मुकेश अंबानी की कंपनी घरेलू स्तर पर सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई। उसके बाद HDFC, भारती एयरटेल, SBI, ICICI, TCS, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, इंफोसिस और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।