कैनवा में बड़ी छंटनी की तैयारी, 1,200 से अधिक कर्मचारियों की जाएगी नौकरी
क्या है खबर?
लोकप्रिय डिजाइन प्लेटफॉर्म कैनवा बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। कंपनी ने दुनियाभर में काम करने वाले 1,271 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का फैसला किया है। यह उसके 13 साल के इतिहास की सबसे बड़ी छंटनियों में से एक होगी। मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मेलानी पर्किन्स ने मंगलवार को एक आंतरिक मैसेज के जरिए कर्मचारियों को इस फैसले की जानकारी दी और इसे कंपनी का मुश्किल दौर बताया है।
वजह
क्यों छंटनी कर रही है कंपनी?
यह छंटनी कैनवा की धीमी होती वृद्धि के बीच हो रही है।
कंपनी बड़े समूह बनाकर और प्रबंधन के स्तर कम करके अपने कामकाज को नए सिरे से व्यवस्थित करना चाहती है। पर्किन्स ने कहा कि आने वाले दशक के लिए कंपनी को तैयार करने के लिए बड़े संगठनात्मक बदलाव जरूरी हैं।
हालांकि, उन्होंने छंटनी की सीधी वजह AI नहीं बताया है। कंपनी ने 2026 के लिए राजस्व वृद्धि का अनुमान भी 30 से घटाकर 20 फीसदी कर दिया है।
प्रभाव
37 देशों में काम करने वाले कर्मचारी होंगे प्रभावित
कैनवा के दुनियाभर में 37 देशों में 5,700 से ज्यादा कर्मचारी हैं। इनमें भारत में काम करने वाले लोग भी शामिल हैं।
हालांकि, कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि किन विभागों या देशों में सबसे ज्यादा नौकरियां जाएंगी। छंटनी कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या का करीब 22 फीसदी हिस्सा होगी।
प्रभावित कर्मचारियों को कम से कम 6 महीने का वेतन और कुछ देशों में 12 महीने तक स्वास्थ्य सुविधाएं देने की बात कही गई है।
सुविधाएं
कर्मचारियों को मिलेंगी कई सुविधाएं
नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों को करियर कोचिंग, इंटरव्यू की तैयारी और एक साल का लिंक्डइन प्रीमियम भी मिलेगा। अपने काम वाले लैपटॉप को प्रभावित कर्मचारी अपने पास ही रख सकेंगे।
कंपनी कारोबार या सामुदायिक परियोजना शुरू करने के इच्छुक कर्मचारियों को 10,000 डॉलर की मदद भी देगी। इसके अलावा, कैनवा सिडनी को अपना मुख्य परिचालन केंद्र बनाने की तैयारी में है।
जनवरी, 2027 से ज्यादातर हाइब्रिड कर्मचारियों को सप्ताह में 2 से 3 दिन कार्यालय से काम करना होगा।