मोबाइल नंबर से UPI का हो सकता है गलत इस्तेमाल? जानिए होने पर क्या करें
क्या है खबर?
आजकल कई लोगों को डर रहता है कि अगर किसी के पास उनका मोबाइल नंबर पहुंच गया तो वह UPI के जरिए बैंक अकाउंट से पैसे निकाल सकता है। हालांकि, ऐसा करना इतना आसान नहीं है। केवल मोबाइल नंबर जान लेने से कोई भी व्यक्ति आपका UPI अकाउंट इस्तेमाल नहीं कर सकता है। इसके लिए बैंक अकाउंट से जुड़ा सिम कार्ड, मोबाइल फोन और UPI PIN जैसी जरूरी जानकारी भी होना अनिवार्य होती है।
#1
सिर्फ नंबर से नहीं, इन चीजों की भी होती है जरूरत
UPI अकाउंट बनाते समय सबसे पहले मोबाइल नंबर को SMS के जरिए सत्यापित किया जाता है। इसके बाद उसी नंबर से जुड़े बैंक खाते को चुना जाता है और UPI PIN बनाया जाता है। बिना UPI PIN के कोई भी भुगतान पूरा नहीं किया जा सकता। यही वजह है कि केवल मोबाइल नंबर जानने भर से कोई व्यक्ति आपके बैंक अकाउंट तक पहुंच नहीं बना सकता और पैसे नहीं निकाल सकता।
#2
कब बढ़ता है धोखाधड़ी का सबसे ज्यादा खतरा?
UPI से जुड़े ज्यादातर फ्रॉड मोबाइल नंबर की वजह से नहीं, बल्कि लोगों को धोखा देकर होते हैं। साइबर ठग खुद को बैंक कर्मचारी या कस्टमर केयर बताकर OTP, UPI PIN या स्क्रीन शेयरिंग ऐप की मदद मांगते हैं। कुछ मामलों में SIM स्वैप फ्रॉड के जरिए मोबाइल नंबर पर कब्जा करने की भी कोशिश की जाती है। ऐसे मामलों में सावधानी नहीं बरतने पर बैंक खाते को नुकसान पहुंच सकता है।
#3
अगर ऐसा हो जाए तो तुरंत क्या करें?
अगर आपका SIM अचानक बंद हो जाए या बिना वजह नेटवर्क गायब हो जाए, तो तुरंत टेलीकॉम कंपनी और अपने बैंक को जानकारी दें। जरूरत पड़ने पर SIM ब्लॉक कराएं और UPI सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद कर दें। कभी भी OTP, UPI PIN या बैंक की गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। इसके साथ ही मोबाइल में पासवर्ड या बायोमेट्रिक सुरक्षा का इस्तेमाल करें और बैंकिंग ऐप हमेशा अपडेट रखें।