बाइटडांस के संस्थापक झांग यिमिंग बने एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति, गौतम अडाणी को छोड़ा पीछे
क्या है खबर?
टिक-टॉक की पैरेंट कंपनी बाइटडांस के फाउंडर झांग यिमिंग एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने भारतीय अरबपति गौतम अडाणी को पीछे छोड़ दिया है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते कारोबार से बाइटडांस की वैल्यू बढ़ी है। इसका सीधा फायदा झांग की संपत्ति पर पड़ा है। 43 साल के झांग चीन के सबसे अमीर व्यक्ति भी बने हुए हैं और अब एशिया की रैंकिंग में भी सबसे ऊपर पहुंच गए हैं।
संपत्ति
कितनी है झांग यिमिंग की संपत्ति?
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, यिमिंग की कुल संपत्ति 105 अरब डॉलर (लगभग 10,100 अरब रुपये) से ज्यादा हो गई है।
इस महीने उनकी दौलत में 12 अरब डॉलर से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। दूसरी ओर, अडाणी की संपत्ति में गिरावट आई है।
जून में अडाणी की दौलत करीब 120 अरब डॉलर तक पहुंच गई थी, लेकिन बाद में बाजार में बड़ी बिकवाली के कारण इसमें कमी आई। इससे झांग को एशिया की अमीरों की सूची में पहला स्थान मिल गया।
कारोबार
बाइटडांस का ध्यान अब AI कारोबार पर
यिमिंग की संपत्ति का बड़ा हिस्सा निजी कंपनी बाइटडांस से जुड़ा है।
टिक-टॉक अब भी कंपनी का प्रमुख प्लेटफॉर्म है, लेकिन बाइटडांस तेजी से AI पर निवेश कर रही है। कंपनी के AI कारोबार में डोबाओ चैटबॉट और सीडांस वीडियो बनाने वाला टूल शामिल हैं।
इन उत्पादों के जरिए बाइटडांस छोटे वीडियो के अलावा AI क्षेत्र में भी अपनी कमाई बढ़ाने की कोशिश कर रही है। कंपनी के पास सोशल मीडिया डाटा का बड़ा भंडार है।
अन्य
टिक-टॉक की चुनौतियों के बीच बढ़ी दौलत
टिक-टॉक के अमेरिकी कारोबार को लेकर लंबे समय से विवाद और अनिश्चितता बनी हुई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, बाइटडांस ने इस साल ऐप के अमेरिकी कारोबार के कुछ हिस्से अमेरिकी निवेशकों को सौंपे हैं। इससे कंपनी पर दबाव कुछ कम हुआ है। हालांकि, चीन के AI बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा अब भी चुनौती है।
बाइटडांस निजी कंपनी है, इसलिए ब्लूमबर्ग उसकी वैल्यूएशन पर 10 प्रतिशत की छूट लगाकर यिमिंग की संपत्ति का अनुमान बताता है।