Loading...
ब्रिटेन की L&G में बड़ी छंटनी की तैयारी, 1,000 कर्मचारियों की जाएगी नौकरी
ब्रिटेन की L&G में बड़ी छंटनी की तैयारी

ब्रिटेन की L&G में बड़ी छंटनी की तैयारी, 1,000 कर्मचारियों की जाएगी नौकरी

Sep 23, 2026
05:42 pm

क्या है खबर?

ब्रिटेन की कंपनी लीगल एंड जनरल ग्रुप (L&G) बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी करने की योजना बना रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, इस छंटनी के तहत कंपनी में काम करने वाले 1,000 कर्मचारियों की नौकरी जाएगी, जो कुल कर्मचारियों का करीब 10 प्रतिशत है। कंपनी अगले साल के मध्य तक यह प्रक्रिया पूरी करने की योजना बना रही है। यह फैसला कंपनी के कामकाज में बड़े बदलाव की योजना का हिस्सा बताया जा रहा है।

वजह

क्यों छंटनी कर रही है कंपनी?

L&G के CEO एंटोनियो सिमोस कंपनी के कामकाज को आसान बनाना और खर्च कम करना चाहते हैं।

उनका कहना है कि पिछले 10 साल में कंपनी का काम बहुत जटिल हो गया है। अब कंपनी कम कर्मचारियों के साथ काम को ज्यादा आसान बनाना चाहती है।

L&G का कहना है कि इससे उन क्षेत्रों में ज्यादा पैसा लगाया जा सकेगा, जहां कारोबार बढ़ने की अच्छी संभावना है। कंपनी पहले अपनी मर्जी से नौकरी छोड़ने का भी विकल्प देगी।

विभाग

एसेट मैनेजमेंट विभाग को रखा गया बाहर

L&G के एसेट मैनेजमेंट कारोबार को इस बार की छंटनी से बाहर रखा गया है। कंपनी ने पिछले साल ही इस हिस्से में बड़े बदलाव किए थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह कारोबार करीब 1.1 लाख करोड़ पाउंड की संपत्ति संभालता है। हालांकि, पिछले बदलावों के दौरान इस विभाग में करीब 70 से 80 नौकरियां कम हुई थीं।

कंपनी ने तब कहा था कि इन बदलावों से उसे कारोबार बढ़ाने वाले क्षेत्रों पर ज्यादा ध्यान देने में मदद मिलेगी।

ADVERTISEMENT

शेयर

कंपनी के शेयर में 13 प्रतिशत की बढ़त

एंटोनियो सिमोस 2024 में L&G के CEO बने थे और तब से कंपनी के कामकाज में सुधार पर ध्यान दे रहे हैं। कंपनी के शेयर में 2026 में अब तक करीब 13 प्रतिशत की बढ़त हुई है।

रॉयटर्स के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में L&G के शेयरों का प्रदर्शन अवीवा जैसी प्रतिद्वंद्वी कंपनी और बड़े बाजार की तुलना में कमजोर रहा है।

नई योजना के जरिए कंपनी अपने कामकाज को कम जटिल और ज्यादा आसान बनाना चाहती है।

ADVERTISEMENT