Loading...
बोइंग में करीब 5 प्रतिशत कर्मचारियों की होगी छंटनी, इस विभाग पर पड़ेगा असर
बोइंग में करीब 5 प्रतिशत कर्मचारियों की होगी छंटनी

बोइंग में करीब 5 प्रतिशत कर्मचारियों की होगी छंटनी, इस विभाग पर पड़ेगा असर

Nov 10, 2026
10:01 am

क्या है खबर?

विमान बनाने वाली कंपनी बोइंग अपने कमर्शियल एयरक्राफ्ट डिवीजन में करीब 5 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी करने की तैयारी कर रही है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फैसले से लगभग 2,500 कर्मचारियों की नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं। कंपनी के कमर्शियल एयरप्लेन्स प्रमुख स्टेफनी पोप ने सोमवार को आंतरिक मैसेज के जरिए कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। बोइंग ने यह कदम विमान उत्पादन बढ़ाने में आ रही मुश्किलों और कामकाज को संभालने के लिए उठाया है।

वजह

उत्पादन की रफ्तार धीमी होने से लिया फैसला

स्टेफनी पोप ने कर्मचारियों को बताया कि कंपनी को विमानों के उत्पादन की रफ्तार बढ़ाने की अपनी योजना में बदलाव करना पड़ा है।

बोइंग अपनी फैक्ट्रियों और कलपुर्जे उपलब्ध कराने वाली कंपनियों को उत्पादन के लिए अतिरिक्त समय देना चाहती है। इसके चलते विमान बनाने का लक्ष्य फिलहाल कम किया जा रहा है।

उत्पादन घटने से मौजूदा कर्मचारियों की संख्या जरूरत से ज्यादा हो गई है। छंटनी स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने और सीधे नौकरी से हटाने के जरिए होगी।

लक्ष्य

737 विमानों का उत्पादन लक्ष्य भी टला

बोइंग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) केली ऑर्टबर्ग ने पिछले महीने बताया था कि कंपनी 2026 में 737 विमानों के उत्पादन और आपूर्ति का तय लक्ष्य पूरा नहीं कर पाएगी।

अब कंपनी को 2027 की शुरुआत तक हर महीने 47 विमान बनाने की उम्मीद है। इससे पहले यह लक्ष्य 2026 की गर्मियों तक हासिल करने की योजना थी।

ऑर्टबर्ग का कहना है कि कंपनी उत्पादन बढ़ाने में जल्दबाजी नहीं करेगी और जोखिम को ध्यान में रखकर आगे बढ़ेगी।

ADVERTISEMENT

छंटनी

2024 के बाद पहली बड़ी छंटनी की तैयारी

बोइंग के 767 और 777 विमानों के निर्माण में भी रुकावटें आ रही हैं।

कंपनी को अपने 787 विमानों का उत्पादन बढ़ाने में भी परेशानी हो रही है। दिसंबर, 2025 तक उसके कमर्शियल एयरप्लेन्स विभाग में 50,494 कर्मचारी काम कर रहे थे। ऐसे में करीब 2,500 लोगों की नौकरी पर असर पड़ सकता है। यह 2024 के बाद कंपनी की पहली बड़ी छंटनी होगी।

उस साल बोइंग ने कर्मचारियों की हड़ताल के बीच करीब 17,000 नौकरियां खत्म की थीं।

ADVERTISEMENT