AGS हेल्थ ला रही 4,800 करोड़ रुपये का IPO, SEBI में दाखिल किए दस्तावेज
ब्लैकस्टोन समर्थित AGS हेल्थ 4,800 करोड़ रुपये तक का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी में जुट गई है।
इसी सिलसिले में कंपनी ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) को अपने अपडेटेड दस्तावेज सौंप दिए हैं। इस IPO में 1,800 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। साथ ही, ब्लैकस्टोन समर्थित एक और यूनिट भी बिक्री के लिए अपने कुछ शेयर पेश करेगी।
360 करोड़ रुपये का हो सकता है प्री-IPO
बाजार में यह चर्चा भी है कि AGS हेल्थ के IPO से पहले 360 करोड़ रुपये का एक प्री-IPO प्लेसमेंट हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो कंपनी के मुख्य ऑफर का आकार थोड़ा कम हो जाएगा।
इस IPO से मिली शुद्ध आय में से 1,600 करोड़ रुपये कंपनी अपनी अप्रत्यक्ष सहायक कंपनियों AGS हेल्थ BCP LLC और AGS हेल्थ BCP होल्डिंग्स के कर्ज चुकाने में लगाएगी।
AGS हेल्थ अमेरिका के 82 हेल्थ सिस्टम्स और अस्पतालों को बिलिंग और पेशेंट एक्सेस से जुड़ी सेवाएं मुहैया कराती है। इनमें अमेरिका के टॉप 20 अस्पतालों में से 11 अस्पताल भी शामिल हैं।
वित्तीय वर्ष 2026 में कंपनी ने 2,041.4 करोड़ रुपये का राजस्व और 206.9 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था।
ICICI सिक्योरिटीज, जेफरीज इंडिया, JM फाइनेंशियल, JP मॉर्गन इंडिया और नोमुरा फाइनेंशियल एडवाइजरी एंड सिक्योरिटीज (इंडिया) इस IPO प्रक्रिया का प्रबंधन कर रहे हैं।