
गुजरात के इस टोल प्लाजा ने दिया सबसे ज्यादा राजस्व, जानिए कितनी हुई कमाई
क्या है खबर?
गुजरात में NH-48 पर स्थित भरथना टोल प्लाजा भारत का सबसे ज्यादा राजस्व देने वाला टोल प्लाजा बन गया है।
इसने वित्त वर्ष 2023-24 में 472.65 करोड़ रुपये का टोल संग्रह किया, जबकि 2019-20 से 2023-24 बीच यह 2,043.81 करोड़ रुपये रहा है।
वडोदरा और भरूच के बीच 83.3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह उत्तरी औद्योगिक केंद्रों और पश्चिमी बंदरगाहों के बीच भारी माल यातायात को संभालता है, जो इसकी आय में महत्वपूर्ण योगदानकर्ता है।
दूसरा नंबर
दूसरे पायदान पर है यह टोल प्लाजा
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान का शाहजहांपुर टोल प्लाजा दूसरे स्थान पर है, जो सालाना 378 करोड़ रुपये कमाता है।
उत्तर प्रदेश राज्यवार टोल संग्रह में सबसे आगे है, जिसने 5 सालों में 97 प्लाजा से 22,914 करोड़ रुपये कमाए हैं।
सबसे अधिक 156 टोल प्लाजा के साथ राजस्थान दूसरे स्थान पर है, जिसने 20,308 करोड़ रुपये अर्जित किए। देशभर में 10 टोल प्लाजा ने 2023-24 में लगभग 14,000 करोड़ रुपये कमाए हैं।
बढ़ोतरी
5 सालों में दोगुना हुआ टोल संग्रह
आंकड़े बताते हैं कि टोल संग्रह पिछले 5 सालों में दोगुना होकर 2023-24 में 55,882 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
वर्तमान में देश के 1.5 लाख किलोमीटर के राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क में से लगभग 45,000 किलोमीटर पर टोल लगाया जाता है।
राजमार्गों पर 1,063 टोल प्लाजा स्थित हैं, जिनमें से 14 सालाना 200 करोड़ रुपये से अधिक जुटाते हैं।
भारी माल ढुलाई के कारण, बंदरगाहों और औद्योगिक केंद्रों को जोड़ने वाले राजमार्गों के प्लाजा पर अधिक टोल संग्रह होता है।