टोनटैग का नया साउंडबॉक्स AI की मदद से दे रहा बैंकिंग की पूरी सुविधा
बेंगलुरु का स्टार्टअप टोनटैग अपनी ईकोशा नाम की डिवाइस के जरिए भारत के साउंडबॉक्स में एक बड़ा बदलाव ला रहा है। दरअसल, यह एक ऐसी डिवाइस है, जो दुकानदारों के लिए केवल पेमेंट लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें अपनी भाषा में ओवरड्राफ्ट की जानकारी पाने, चेक बुक के लिए रिक्वेस्ट करने और सरकारी योजनाओं का फायदा उठाने में भी मदद करती है।
यह यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) और डिजिटल रुपया पेमेंट को सपोर्ट करता है और इसमें ऑफलाइन मोड में काम करने के लिए इनबिल्ट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) भी दिया गया है।
30 लाख व्यापारी कर रहे इस्तेमाल
केवल 1,300 से 1,500 रुपये की कीमत में ईकोशा छोटे व्यापारियों तक बैंकिंग की सुविधाएं आसानी से और सस्ते में पहुंचाता है। अभी से ही 30 लाख से ज्यादा व्यापारी इसे इस्तेमाल कर रहे हैं और इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।
टोनटैग हर महीने 4 अरब डॉलर (करीब 350 अरब रुपये) का पेमेंट प्रोसेस करता है।
कंपनी को उम्मीद है कि इस पेमेंट डाटा के आधार पर छोटे दुकानदारों को आसानी से लोन मिल पाएगा और वे भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का हिस्सा बन सकेंगे।