बैंकों के बैड लोन में 8.2 फीसदी की गिरावट, RBI के आंकड़ों में खुलासा
क्या है खबर?
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आंकड़ों के अनुसार, बैंकों की बैलेंस शीट से हटाए जाने वाले बैड लोन (खराब कर्ज) की मात्रा में कमी आई है। भारतीय बैंकों द्वारा राइट-ऑफ (बट्टे खाते में डाले गए) किए गए कर्ज की राशि वित्त वर्ष 2024 में 1.70 लाख करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2025 में 1.57 लाख करोड़ रुपये थी। यह आंकड़ा वित्त वर्ष 2026 में 8.2 फीसदी घटकर 1.44 लाख करोड़ रुपये रह गया है।
गिरावट
वित्त वर्ष 2019 से आई गिरावट
पिछले 10 वर्षों में बैंकों ने कुल 18.08 लाख करोड़ रुपये का कर्ज राइट-ऑफ किया है।
इनकी मदद से बैंकों ने अपने नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (NPA) को कम दिखाया है, लेकिन डिफॉल्ट करने वाले कर्जदारों को दिए गए सार्वजनिक धन की वसूली को लेकर अभी भी सवाल बने हुए हैं।
एक सकारात्मक बात यह है कि वित्त वर्ष 2019 में 2.39 लाख करोड़ रुपये के शिखर पर पहुंचने के बाद वित्त वर्ष 2024 से राइट-ऑफ में लगातार कमी आई है।
खुलासा
RTI के तहत हुआ खुलासा
द इंडियन एक्सप्रेस की ओर से सूचना का अधिकार (RTI) के तहत पूछे गए एक सवाल के जवाब में RBI द्वारा बैंकिंग सिस्टम किस तरह बैड लोन (फंसे कर्ज) को संभालता है, डिफॉल्टर्स के बारे में कितनी गोपनीयता बरती जाती है और कर्ज वसूली के तरीके कितने प्रभावी हैं इसका भी खुलासा हुआ है।
आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2016-17 से 2025-26 के बीच अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों (SCBs) द्वारा करीब 18.07 लाख करोड़ रुपये की राशि 'राइट-ऑफ' की गई।