LOADING...
भारत से अनधिकृत आईफोन निर्यात रोकने में जुटी ऐपल, कई डिस्ट्रीब्यूटर पर लगाया प्रतिबंध
भारत से अनधिकृत आईफोन निर्यात रोकने में जुटी ऐपल

भारत से अनधिकृत आईफोन निर्यात रोकने में जुटी ऐपल, कई डिस्ट्रीब्यूटर पर लगाया प्रतिबंध

May 04, 2026
02:44 pm

क्या है खबर?

टेक दिग्गज कंपनी ऐपल भारत में बने आईफोन के बिना अनुमति विदेश भेजने पर रोक लगाने की कोशिशें तेज कर दी है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने कई डिस्ट्रीब्यूटर के साथ काम बंद कर दिया है और अपने रिटेल नेटवर्क के लिए सख्त नियम लागू किए हैं। हाल के समय में रूस, अफ्रीका और पश्चिम एशिया में ग्रे मार्केट के जरिए भेजे जा रहे आईफोन की संख्या बढ़ने के बाद कंपनी ने यह कदम उठाया है।

कार्रवाई

मुंबई, दिल्ली समेत कई शहरों में कार्रवाई

इंडस्ट्री के अनुसार, अलग-अलग देशों में कीमत के अंतर की वजह से भारत से सस्ते आईफोन खरीदकर विदेश भेजे जा रहे थे। इससे ट्रेडर्स को ज्यादा मुनाफा मिल रहा था और इसी वजह से भारत एक सोर्सिंग हब बन गया था। ऐपल ने मुंबई, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और दक्षिण भारत के कई डिस्ट्रीब्यूटर के साथ अपने संबंध खत्म कर दिए हैं और बाकी पार्टनर की भी समीक्षा की जा रही है।

सख्त नियम

रिटेल स्तर पर सख्त नियम लागू किए गए

कंपनी ने रिटेलर्स के लिए कई नए नियम लागू किए हैं। अब आईफोन देने से पहले उसे स्टोर में ही खोलकर, SIM डालकर और सेटअप करना जरूरी होगा। इससे फोन को सीधे बाहर भेजने की संभावना कम होगी। नियम तोड़ने पर भारी जुर्माना और बिजनेस बंद करने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही, हर बिक्री और लेन-देन पर कंपनी नजर रख रही है और जांच प्रक्रिया को भी सख्त किया गया है।

Advertisement

रणनीति

नए बिलिंग सिस्टम और पार्टनर रणनीति में बदलाव

ऐपल ने बिलिंग और नियमों में भी बदलाव किया है। अब आईफोन और आईपैड की बिक्री तय कीमत पर होगी और मार्जिन बाद में जांच के बाद दिया जाएगा। कंपनी अपने पार्टनर नेटवर्क को भी बदल रही है और बड़े स्टोर को प्राथमिकता दे रही है। छोटे रिटेलर्स की भूमिका कम की जा रही है। इससे कंपनी एक ज्यादा नियंत्रित और मजबूत वितरण सिस्टम बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

Advertisement