भारत में ऐपल की रिकॉर्ड कमाई, आईफोन से लेकर मैक तक की बिक्री बढ़ी
क्या है खबर?
ऐपल ने भारत में सितंबर तिमाही के दौरान अब तक का सबसे बड़ा राजस्व दर्ज किया है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जॉन टर्नस के मुताबिक, आईफोन, मैक और सेवाओं के कारोबार में बढ़ोतरी से यह उपलब्धि हासिल हुई। भारत उन बाजारों में भी शामिल रहा, जहां कंपनी को आईफोन बदलकर नया मॉडल खरीदने वाले ग्राहकों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या मिली। इससे वैश्विक कारोबार में भारत की बढ़ती भूमिका का पता चलता है।
बिक्री
आईफोन की बिक्री और नए मॉडल की मांग बढ़ी
ऐपल के मुताबिक, सितंबर तिमाही में आईफोन से 57.6 अरब डॉलर (लगभग 5,500 अरब रुपये) का राजस्व मिला, जो पिछले साल की समान अवधि से 17 फीसदी ज्यादा है। आपूर्ति से जुड़ी परेशानियों के बावजूद कंपनी ने यह बढ़ोतरी दर्ज की है।
काउंटरपॉइंट रिसर्च के अनुसार, इस दौरान आईफोन 17 भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाला स्मार्टफोन मॉडल रहा। भारत में आईफोन का औसत बिक्री मूल्य भी पहली बार 1,000 डॉलर से ऊपर पहुंच गया है।
मैक
मैक और सेवाओं के कारोबार में भी बढ़ोतरी
ऐपल के मैक कारोबार का वैश्विक राजस्व 24 फीसदी बढ़कर 10.8 अरब डॉलर (लगभग 1,000 अरब रुपये) हो गया है।
कंपनी के वित्त प्रमुख केवन पारेख के मुताबिक, भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया में मैक से अब तक का सबसे ज्यादा राजस्व मिला है। वहीं, ऐपल की सेवाओं से होने वाली कमाई 10 फीसदी बढ़कर 31.6 अरब डॉलर पहुंच गई।
भारत सहित कई बाजारों में कंपनी ने इस कारोबार में भी अब तक का सबसे बड़ा राजस्व दर्ज किया।
ऐपल पे
भारत में ऐपल पे की शुरुआत
ऐपल ने भारत में एक्सिस बैंक के साथ साझेदारी करके अपनी भुगतान सेवा ऐपल पे भी शुरू की है।
कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि भारत में आईफोन खरीदने के साथ अब मैक और दूसरी सेवाओं को लेकर भी ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ रही है।
काउंटरपॉइंट रिसर्च के मुताबिक, भारत अब ऐपल के लिए सिर्फ आईफोन की बिक्री का बाजार नहीं, बल्कि पूरे उत्पाद और सेवाओं से जुड़े कारोबार का बड़ा केंद्र बन रहा है।