एंथ्रोपिक की अब नवंबर में IPO लाने की योजना, 2,000 अरब डॉलर मूल्यांकन का लक्ष्य
क्या है खबर?
क्लाउड निर्माता एंथ्रोपिक नवंबर में अपना आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने पहले अक्टूबर में सार्वजनिक होने की योजना बनाई थी, लेकिन अब तारीख आगे बढ़ा दी है। रिपोर्ट के अनुसार, इस देरी से कंपनी को संभावित निवेशकों के सामने अपनी तीसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे पेश करने का समय मिल जाएगा। AI डेवलपमेंट को लेकर चिंताओं के बावजूद कंपनी का राजस्व जुलाई तक बढ़कर 65 अरब डॉलर (करीब 6,100 अरब रुपये) हो गया।
मूल्यांकन
इतना हो सकता है मूल्यांकन
IPO में देरी ऐसे समय में हो रही है, जब निवेशक एक ऐसे सौदे पर चर्चा कर रहे हैं, जिससे कंपनी का मूल्यांकन लगभग 2,000 अरब डॉलर (करीब 1.9 लाख अरब रुपये) हो सकता है।
इससे 100 अरब डॉलर (करीब 9,500 अरब रुपये) तक की रकम जुटाई जा सकती है। अगर, यह सफल होता है तो यह अब तक का सबसे बड़ा IPO होगा।
हालांकि, बाजार की स्थितियों और निवेशकों की मांग के आधार पर इनमें बदलाव हो सकता है।
तैयारी
निवेशकों के साथ करेगी बैठक
अपनी प्रस्तावित बिक्री की शर्तें तय करने से पहले एंथ्रोपिक मांग का अंदाजा लगाने के लिए निवेशकों के साथ बैठकें करेगी।
संभावित शेयरधारक कंपनी की राजस्व वृद्धि, कंप्यूटिंग लागत और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल को ट्रेन करने के लिए जरूरी खर्च की जांच कर सकते हैं।
यह सब उस प्रक्रिया का हिस्सा है, जिससे IPO से मिलने वाले अंतिम मूल्यांकन और कमाई तय होगी। निवेशकों इस साल के अंत तक कमाई 100 अरब डॉलर से ज्यादा होने की उम्मीद है।