ब्लैकस्टोन और गोल्डमैन सैक्स के साथ एंथ्रोपिक बना रही नई AI सर्विस कंपनी
क्या है खबर?
एंथ्रोपिक ने बड़ी प्राइवेट इक्विटी कंपनियों के साथ मिलकर नई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सर्विस कंपनी बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसमें ब्लैकस्टोन और गोल्डमैन सैक्स जैसी दिग्गज कंपनियां भी शामिल हैं। यह कंपनी करीब 1.5 अरब डॉलर (लगभग 140 अरब रुपये) के निवेश के साथ शुरू की जाएगी। इसका मकसद अलग-अलग सेक्टर के मिड-साइज बिजनेस में AI टूल 'क्लॉड' को लागू करना है, जिससे काम तेज और बेहतर हो सके।
समर्थन
कई बड़ी कंपनियों का मिल रहा समर्थन
इस नई कंपनी को कई बड़ी निवेश फर्म का समर्थन मिल रहा है। इसमें जनरल अटलांटिक, अपोलो, सिकोइया कैपिटल, GIC, ब्लैकस्टोन और गोल्डमैन सैक्स जैसी कंपनियां शामिल हैं। इसके साथ ही हेलमैन एंड फ्रीडमैन भी इसके फाउंडिंग पार्टनर हैं। इन कंपनियों के सहयोग से यह AI प्रोजेक्ट और मजबूत होगा। इसका लक्ष्य अलग-अलग उद्योगों में नई तकनीक को तेजी से अपनाना और बिजनेस को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाना है।
इस्तेमाल
कई सेक्टर में AI का होगा इस्तेमाल
यह नई AI कंपनी हेल्थकेयर, मैन्युफैक्चरिंग, फाइनेंशियल सर्विस, रिटेल और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे सेक्टर में काम करेगी। एंथ्रोपिक के इंजीनियर सीधे कंपनियों के साथ जुड़कर उनके काम के हिसाब से AI समाधान तैयार करेंगे। इससे कंपनियां अपने रोजमर्रा के काम को पहले से काफी आसान बना सकेंगी। उदाहरण के तौर पर, डॉक्टरों के काम को आसान बनाने के लिए खास टूल तैयार किए जाएंगे, जिससे वे मरीजों को ज्यादा समय दे सकें।
प्रतिस्पर्धा
AI बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा
यह कदम एंथ्रोपिक की AI बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश माना जा रहा है। कंपनी को OpenAI जैसी बड़ी कंपनियों से कड़ी टक्कर मिल रही है। दोनों ही कंपनियां भविष्य में बड़े निवेश और विस्तार की योजना बना रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, OpenAI भी अरबों डॉलर का फंड जुटा रहा है। ऐसे में AI सेक्टर में प्रतिस्पर्धा और तेज होने की संभावना है, जिससे नई तकनीकों का विकास तेजी से होगा।