Loading...
एंथ्रोपिक IPO ने 2,800 कर्मचारियों को बनाया करोड़पति, 2021 में बनी थी कंपनी
एंथ्रोपिक के IPO से कर्मचारियों की चमकी किस्मत

एंथ्रोपिक IPO ने 2,800 कर्मचारियों को बनाया करोड़पति, 2021 में बनी थी कंपनी

Nov 20, 2026
10:02 am

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक के शेयर बाजार में उतरते ही उसके कर्मचारियों की संपत्ति में बड़ा इजाफा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के करीब 96 प्रतिशत कर्मचारियों के पास अब 10 लाख डॉलर से ज्यादा मूल्य के शेयर हैं। वहीं, लगभग 2,800 कर्मचारियों की हिस्सेदारी की कीमत 1 करोड़ डॉलर (लगभग 90 करोड़ रुपये) से अधिक बताई गई है। कंपनी के IPO ने मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों के लिए बड़ी संपत्ति बनाने का रास्ता खोल दिया है।

हिस्सेदारी

सह-संस्थापकों की हिस्सेदारी अरबों डॉलर की हुई

एंथ्रोपिक के 7 सह-संस्थापकों को भी इस IPO से बड़ा फायदा हुआ है।

रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक, कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डारियो अमोदेई की हिस्सेदारी करीब 20.07 अरब डॉलर की है। वहीं, टॉम ब्राउन, सैम मैककैंडलिश, क्रिस्टोफर ओलाह, जैक क्लार्क, जेरेड कैपलान और डेनिएला अमोदेई की हिस्सेदारी भी लगभग 19 से 20 अरब डॉलर के बीच आंकी गई है।

सातों की कुल हिस्सेदारी 139 अरब डॉलर से ज्यादा बताई गई है।

फायदा

शुरुआती निवेशकों को भी हुआ बड़ा फायदा

एंथ्रोपिक की शेयर बाजार में लिस्टिंग से कंपनी में शुरुआत में पैसा लगाने वाले निवेशकों को भी बड़ा लाभ मिला है।

रिपोर्ट के मुताबिक, एश्टन कचर और गाय ओसेरी की निवेश कंपनी साउंड वेंचर्स की हिस्सेदारी करीब 7.5 अरब डॉलर आंकी गई है। वहीं, आईकोनिक कैपिटल की हिस्सेदारी का अनुमान लगभग 30 अरब डॉलर है।

कंपनी के वित्त प्रमुख कृष्णा राव की शेयर हिस्सेदारी भी करीब 78.83 करोड़ डॉलर बताई गई है।

ADVERTISEMENT

IPO

IPO के पहले दिन शेयरों में 17 प्रतिशत की बढ़त

एंथ्रोपिक ने अपने शेयर की शुरुआती कीमत 83 डॉलर रखी थी। बाजार में कारोबार शुरू होने पर शेयर 111.50 डॉलर तक पहुंच गया, जो शुरुआती कीमत से करीब 34 प्रतिशत ज्यादा था।

हालांकि, कारोबार खत्म होने पर शेयर 97.17 डॉलर पर बंद हुआ। यह शुरुआती कीमत से 17 प्रतिशत अधिक था। इसके आधार पर कंपनी का बाजार मूल्य करीब 1.8 लाख करोड़ डॉलर आंका गया।

IPO और निजी निवेश के जरिए कंपनी ने कुल 107.3 अरब डॉलर जुटाए।

ADVERTISEMENT

संपत्ति

कागजों पर बढ़ी संपत्ति

कर्मचारियों और निवेशकों की बढ़ी हुई संपत्ति फिलहाल शेयरों के मूल्य पर आधारित है।

शेयर बेचने पर लगी पाबंदियां और तय समय में मिलने वाले स्टॉक जैसे नियम वास्तविक कमाई को प्रभावित कर सकते हैं। वहीं, कारोबार के बाद एंथ्रोपिक के शेयरों में 3 प्रतिशत से ज्यादा गिरावट भी दर्ज की गई।

इसकी वजह ऐपल के अपने AI एजेंट पर काम करने की खबरों से बढ़ी प्रतिस्पर्धा की चिंता बताई गई। शेयरों की कीमत में आगे भी उतार-चढ़ाव संभव है।

ADVERTISEMENT