एंथ्रोपिक ने रायट प्लेटफॉर्म्स के साथ किया करीब 850 अरब रुपये का सौदा
क्लाउड जैसे टूल बनाने वाली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक ने हाल ही में रॉयट प्लेटफॉर्म्स के साथ एक 20 साल की कंप्यूटिंग सौदा किया है।
रॉयट प्लेटफॉर्म्स पहले बिटकॉइन माइनिंग करती थी, लेकिन अब AI डाटा सेंटर के क्षेत्र में कदम रख रही है। 9.1 अरब डॉलर (करीब 850 अरब रुपये) के इस करार से एंथ्रोपिक को रॉयट की टेक्सास स्थित फैसिलिटी से इतनी कंप्यूटिंग पावर मिल पाएगी, जो करीब 1.43 लाख घरों को चलाने के लिए पर्याप्त है।
इस खबर के सामने आते ही रॉयट के शेयरों में 25 फीसदी का भारी उछाल आ गया।
2048 तक चलेगा यह करार
यह करार 2048 तक चलेगा और अगर, इसे आगे बढ़ाया जाता है तो इसकी कुल कीमत 16.1 अरब डॉलर (करीब 1,500 अरब रुपये) तक जा सकती है।
यह करार एंथ्रोपिक की उस कोशिश का हिस्सा है, जिसके तहत वह अपनी AI टेक्नोलॉजी की बढ़ती मांग को पूरा कर रहा है। कंपनी ने इसके लिए पहले भी कई बड़े सौदे किए हैं, जिनमें वोल्ट इन्फ्रा के साथ 10 अरब डॉलर (करीब 900 अरब रुपये) का समझौता और एलन मस्क की xAI से कंप्यूटिंग पावर खरीदने का बड़ा वादा शामिल है।
दूसरी तरफ, रॉयट प्लेटफॉर्म्स क्रिप्टोकरेंसी माइनिंग को पीछे छोड़ रही है और AMD के साथ मिलकर AI क्लाउड सर्विसेज की तेजी से बढ़ती दुनिया में गहराई से उतर रही है।