LOADING...
अमेरिका में हो रहा दिग्गज टेक कंपनियों का बहिष्कार, जानिए क्या है इसकी वजह
अमेरिकी लोग ट्रंप पर दबाव बनाने के लिए टेक कंपनियों का बहिष्कार कर रहे हैं

अमेरिका में हो रहा दिग्गज टेक कंपनियों का बहिष्कार, जानिए क्या है इसकी वजह

Feb 17, 2026
12:07 pm

क्या है खबर?

अमेरिका में गूगल, मेटा और माइक्रोसॉफ्ट जैसी दिग्गज टेक कंपनियों का बहिष्कार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कंपनियों को नुकसान पहुंचाकर डोनाल्ड ट्रंप सरकार को चेताना है। 'रेसिस्ट एंड अनसब्सक्राइब' नामक इस बहिष्कार आंदोलन की शुरुआत न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय के स्टर्न स्कूल ऑफ बिजनेस के प्रोफेसर स्कॉट गैलोवे ने की है। यह आंदोलन मिनेसोटा में 2 नागरिकों की जान लेने वाले आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) के मौजूदा अभियानों का विरोध करने के उद्देश्य से शुरू किया गया।

वजह 

इस कारण अपनाया यह रास्ता

रेसिस्ट एंड अनसब्सक्राइब आंदोलन की आधिकारिक वेबसाइट पर अमेरिकी नागरिकों से एक महीने तक चलने वाली आर्थिक हड़ताल में भाग लेने का आह्वान किया गया है। इसका लक्ष्य उन कंपनियों को निशाना बनाना है, जो बाजारों को संचालित कर रही हैं और राष्ट्रपति ट्रंप को सक्षम बना रही हैं। स्कॉट गैलोवे का कहना है कि ट्रंप काे झुकाने से कुंजी बाजार पर प्रभाव डालना है, क्योंकि वे नागरिकों के आक्रोश, अदालतों या मीडिया से अप्रभावित हैं।

कंपनियां 

इन कंपनियों का किया जा रहा बहिष्कार 

इस आंदोलन के तहत बहिष्कार करने के लिए कंपनियों को 2 श्रेणियों में बांटा गया है। एक में सब्सक्रिप्शन आधारित टेक कंपनियां हैं, जिनमें अमेजन, ऐपल, मेटा, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, पैरामाउंट प्लस, उबर, नेटफ्लिक्स, OpenAI और एक्स शामिल हैं। दूसरी सूची में उन उपभोक्ता आधारित कंपनियों को रखा गया है, जिन्हें संगठन ने ICE का समर्थक बताया है। इनमें AT&T, कॉमकास्ट, चार्टर कम्यूनिकेशन, डेल, फेडेक्स, होम डिपो, लॉव्ज, मैरियट इंटरनेशनल और UPS शामिल हैं।

Advertisement