Loading...
AMD ने खरीदा AI स्टार्टअप वर्ल्ड लैब्स, 800 अरब रुपये में हुआ सौदा
AMD ने खरीदा AI स्टार्टअप वर्ल्ड लैब्स

AMD ने खरीदा AI स्टार्टअप वर्ल्ड लैब्स, 800 अरब रुपये में हुआ सौदा

Sep 29, 2026
01:00 pm

क्या है खबर?

चिप बनाने वाली दिग्गज कंपनी एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेस (AMD) ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप वर्ल्ड लैब्स को खरीद लिया है। AMD ने इसके लिए 8.2 अरब डॉलर (लगभग 800 अरब रुपये) का सौदा किया है। यह डील ऐसे समय हुई है, जब कंपनी AI चिप के क्षेत्र में एनवीडिया से मुकाबला बढ़ा रही है। वर्ल्ड लैब्स की रिसर्च टीम और उसकी खास AI तकनीक अब AMD का हिस्सा होगी। कंपनी को इससे AI कारोबार को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

कंपनी

ली फी-फी ने शुरू की थी वर्ल्ड लैब्स

वर्ल्ड लैब्स की शुरुआत 2024 में मशहूर कंप्यूटर वैज्ञानिक ली फी-फी ने की थी।

कंपनी ऐसे वर्ल्ड मॉडल तैयार करती है, जो तीन आयामी वातावरण को समझ सकते हैं, उन्हें बना सकते हैं और दोबारा तैयार कर सकते हैं। इस तकनीक का इस्तेमाल रोबोटिक्स और फिजिकल AI में किया जा सकता है, जहां AI सिस्टम को वास्तविक दुनिया के साथ काम करना होता है।

सौदा पूरा होने के बाद ली फी-फी AMD में कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य वैज्ञानिक बनेंगी।

मॉडल

एटलस मॉडल भी कर चुकी है पेश

वर्ल्ड लैब्स ने इसी महीने एटलस नाम का अपना नया मॉडल पेश किया है। यह टेक्स्ट, तस्वीर, वीडियो और तीन आयामी डाटा को समझकर किसी दृश्य के नए रूप तैयार कर सकता है।

AMD पहले से वर्ल्ड लैब्स में निवेश कर चुकी थी। दोनों कंपनियों ने AMD के ग्राफिक्स प्रोसेसर पर AI मॉडल की ट्रेनिंग और इस्तेमाल को बेहतर बनाने के लिए साझेदारी भी की थी।

अब दोनों कंपनियों का यह तकनीकी सहयोग एक साथ आगे बढ़ेगा।

ADVERTISEMENT

फायदा

एनवीडिया से मुकाबले में AMD को फायदा

वर्ल्ड लैब्स को खरीदने से AMD को AI के क्षेत्र में अपनी तकनीकी क्षमता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

कंपनी की मुख्य कार्यकारी लिसा सू ने कहा है कि इस सौदे से हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और सिस्टम विकसित करने में मदद मिलेगी। यह कदम एनवीडिया के साथ बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच उठाया गया है।

एनवीडिया भी वर्ल्ड मॉडल पर काम कर रही है और हाल में ओपन-सोर्स AI मंच हगिंग फेस को खरीदने का समझौता कर चुकी है।

ADVERTISEMENT