अमेजन 30,000 कर्मचारियों को निकालने के बाद फिर कर रही छंटनी
क्या है खबर?
ई-कॉमर्स दिग्गज कंपनी अमेजन एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। बिजनेस इंसाइडर की रिपोर्ट के अनुसार, इस बार कंपनी के सेलिंग पार्टनर सर्विसेज डिवीजन के कुछ कर्मचारियों की नौकरी पर असर पड़ सकता है। अमेजन ने खुद भी इस कटौती की पुष्टि की है। यह टीम थर्ड पार्टी सेलर्स को ऑनबोर्डिंग, लॉजिस्टिक्स और अकाउंट मैनेजमेंट जैसी सेवाएं देती है। पिछले छह महीनों में कंपनी अलग-अलग विभागों से करीब 30,000 पद पहले ही खत्म कर चुकी है।
वजह
कंपनी ने बताई छंटनी की वजह
अमेजन का कहना है कि वह समय-समय पर अपने कामकाज की समीक्षा करती रहती है ताकि बिजनेस को बेहतर तरीके से चलाया जा सके। कंपनी के अनुसार, हालिया समीक्षा के बाद कुछ पद खत्म करने का फैसला लिया गया। अमेजन महामारी के दौरान तेजी से बढ़े अपने कारोबार को अब ज्यादा आसान और कम खर्च वाला बनाना चाहती है। अक्टूबर, जनवरी और मार्च में भी कंपनी अलग-अलग विभागों, खासकर रोबोटिक्स यूनिट, में कर्मचारियों की संख्या कम कर चुकी है।
AI
AI और ऑटोमेशन पर बढ़ा फोकस
कंपनी अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर तेजी से निवेश बढ़ा रही है। अमेजन रिटेल, क्लाउड, लॉजिस्टिक्स और विज्ञापन जैसे कामों में AI टूल्स का इस्तेमाल बढ़ा रही है। कर्मचारियों को भी रोजमर्रा के काम ऑटोमेट करने के लिए नए AI सिस्टम अपनाने के लिए कहा जा रहा है। इसी वजह से कई कर्मचारियों के बीच नौकरी को लेकर चिंता बढ़ी है। कंपनी के CEO एंडी जेस्सी पहले भी कह चुके हैं कि AI नौकरियों की जरूरत कम कर सकता है।
सहायता
कर्मचारियों को मिलेगी सहायता
अमेजन ने कहा है कि प्रभावित कर्मचारियों को हेल्थकेयर सुविधा, अलगाव भुगतान और नई नौकरी ढूंढने में मदद दी जाएगी। कंपनी करीब 200 अरब डॉलर (लगभग 19,100 अरब रुपये) का निवेश AI इंफ्रास्ट्रक्चर और डाटा सेंटर बढ़ाने में करने की योजना बना रही है। शुरुआत में निवेशकों को इस बड़े खर्च को लेकर चिंता हुई थी, लेकिन बाद में कंपनी के शेयरों में सुधार देखने को मिला। AI भविष्य में नए कारोबार के मौके पैदा करने में मदद करेगा।