अलीबाबा कर रही गेमिंग यूनिट लिंग्शी गेम्स को बेचने की तैयारी
अलीबाबा अपनी गेमिंग यूनिट लिंग्शी गेम्स को बेच रही है। कंपनी इस गेमिंग यूनिट को ट्रुस्टार कैपिटल को बेच रही है, जिसका सौदा कम से कम 1.5 अरब डॉलर (करीब 140 अरब रुपये) का है।
कंपनी ने यह फैसला अपने कामकाज को और व्यवस्थित करने के लिए लिया है। नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एडी वू के नेतृत्व में अलीबाबा अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्लाउड कंप्यूटिंग पर ज्यादा ध्यान देना चाहती है।
लिंग्शी गेम्स के CEO झोउ बिंशु ने बताया कि इस बिक्री से उनकी कंपनी भी अपने बड़े लक्ष्यों पर बेहतर तरीके से काम कर पाएगी।
थ्री किंगडम्स गेम से बनाई पहचान
लिंग्शी गेम्स ने कोएई टेकमो के साथ मिलकर 'थ्री किंगडम्स: स्ट्रेटेजी एडिशन' जैसे कई हिट गेम बनाए थे, जिससे उसे खूब शोहरत मिली। हालांकि, अब अलीबाबा का सारा ध्यान AI पर है। कंपनी का लक्ष्य अगले 5 सालों में AI से 100 अरब डॉलर (करीब 9,000 अरब रुपये) का राजस्व हासिल करना है।
उसने हाल ही में एक ऐसा एडवांस मॉडल भी लॉन्च किया है, जो बाजार के बड़े मॉडल्स को कड़ी टक्कर दे सकता है। लिंग्शी गेम्स को बेचने के बाद अलीबाबा के पास अब ज्यादा संसाधन होंगे, ताकि वह तकनीक के भविष्य पर और भी गंभीरता से ध्यान दे सके।