एयरटेल ने डाटा सेंटर के लिए हासिल किया अरबों रुपये का निवेश
क्या है खबर?
टेलीकॉम दिग्गज कंपनी भारती एयरटेल ने 1 अरब डॉलर (लगभग 94 अरब रुपये) का नया निवेश हासिल किया है। यह निवेश उसके डाटा सेंटर डिविजन एनएक्स्ट्रा डाटा के लिए जुटाया गया है। इस फंडिंग के बाद कंपनी की वैल्यू करीब 3.1 अरब डॉलर (लगभग 290 अरब रुपये) आंकी गई है। कंपनी ने कहा है कि वह एनएक्स्ट्रा में अपनी हिस्सेदारी बनाए रखेगी और आगे भी इसका नियंत्रण अपने पास ही रखेगी, जिससे कारोबार को मजबूती मिलेगी।
निवेशक
किन कंपनियों ने कितना निवेश किया?
इस फंडिंग राउंड में अल्फा वेव ग्लोबल सबसे बड़ा निवेशक बनकर सामने आया है, जिसने 43.5 करोड़ डॉलर (लगभग 4,000 करोड़ रुपये) लगाए हैं। इसके अलावा, एयरटेल ने खुद 29 करोड़ डॉलर (लगभग 2,700 करोड़ रुपये) , कार्लाइल ग्रुप ने 24 करोड़ डॉलर (लगभग 2,200 करोड़ रुपये) और एंकरेज कैपिटल ने 3.5 करोड़ डॉलर (लगभग 330 करोड़ रुपये) का निवेश किया है। इस बड़े निवेश से एनएक्स्ट्रा को अपने कारोबार को बढ़ाने और नई सुविधाएं जोड़ने में मदद मिलेगी।
सेक्टर
डाटा सेंटर सेक्टर में बढ़ती दौड़
भारत में डाटा सेंटर सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है और बड़ी कंपनियां इसमें निवेश कर रही हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज और अडाणी ग्रुप भी इस क्षेत्र में बड़े निवेश की घोषणा कर चुके हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल सेवाओं की बढ़ती मांग के कारण डाटा सेंटर भारत में एक अहम क्षेत्र बन गया है, जहां भविष्य में और ज्यादा निवेश देखने को मिल सकता है।
योजना
एनएक्स्ट्रा का विस्तार और भविष्य की योजना
एनएक्स्ट्रा फिलहाल देश में कई बड़े डाटा सेंटर और छोटी एज सुविधाएं चला रहा है और अपनी क्षमता तेजी से बढ़ा रहा है। कंपनी का लक्ष्य आने वाले वर्षों में अपनी क्षमता को 1 गीगावॉट तक पहुंचाना है और बाजार में मजबूत हिस्सेदारी बनाना है। कंपनी इस नए निवेश का इस्तेमाल इंफ्रास्ट्रक्चर और सेवाओं को बेहतर बनाने में करेगी, जिससे डिजिटल इंडिया और AI से जुड़े विकास को भी आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी और नई तकनीकों को बढ़ावा मिलेगा।