Loading...
एयरटेल की असम में 3 डाटा सेंटर स्थापित करने की योजना, जानिए कितना करेगी निवेश
एयरटेल की असम में 3 डाटा सेंटर बनाने की योजना है

एयरटेल की असम में 3 डाटा सेंटर स्थापित करने की योजना, जानिए कितना करेगी निवेश

Nov 25, 2026
07:18 pm

क्या है खबर?

भारती एयरटेल असम में 3 डाटा सेंटर स्थापित करने की योजना बना रही है, जिसमें 1,200 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। उसने बुधवार को एक बयान में कहा कि कंपनी गुवाहाटी डाटा सेंटर में लगभग 700 करोड़ रुपये, जोरहाट और सिलचर परियोजनाओं में 500 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है। कंपनी ने मार्च में गुवाहाटी में डाटा सेंटर स्थापित करने के लिए असम सरकार के साथ समझौते किए थे।

योजना 

कितनी जमीन पर होंगे विकसित?

एयरटेल ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की मौजूदगी में जोरहाट और सिलचर परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार के साथ नया समझौता ज्ञापन साइन किया है।

प्रस्तावित जोरहाट डाटा सेंटर लगभग 4 एकड़ में विकसित किया जाएगा और इसकी क्षमता 10MW होगी। पहले चरण में 200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है।

सिलचर डाटा सेंटर लगभग 5 एकड़ में विकसित किया जाएगा और इसकी क्षमता 15MW होगी। यहां पहले चरण में 255 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।

लक्ष्य 

2028 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य 

भारती एंटरप्राइजेज के उपाध्यक्ष राजन भारती मित्तल ने कहा कि तीनों सुविधाओं के लिए जमीन उपलब्ध करा दी गई है।

उन्होंने आगे कहा कि 2028 तक तीनों डाटा सेंटर बनकर तैयार हो सकते हैं।

इस समझौते के समय मौजूद कंपनी के प्रतिनिधिमंडल में राजन मित्तल और भारती एयरटेल के कॉर्पोरेट मामलों के निदेशक और ग्रुप मुख्य नियामक अधिकारी राहुल वट्स के साथ-साथ एयरटेल की उत्तर पूर्व टीम के सदस्य भी शामिल थे।

ADVERTISEMENT