जोमैटो के बाद स्विगी से खाना ऑर्डर करना हुआ महंगा, कंपनी ने बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस
क्या है खबर?
जोमैटो के बाद अब ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी से खाना मंगवाना यूजर्स के लिए महंगा हो गया है। कंपनी ने अपनी प्लेटफॉर्म फीस 14.99 रुपये से बढ़ाकर 17.58 रुपये कर दी है, जो करीब 17 प्रतिशत ज्यादा है। इस रकम में GST भी शामिल है। यह बदलाव ऐसे समय में किया गया है जब दूसरी बड़ी कंपनियां भी अपने चार्ज बढ़ा रही हैं, जिससे ग्राहकों को हर ऑर्डर पर पहले से ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है।
जोमैटो
जोमैटो के बराबर पहुंची कुल फीस
स्विगी की नई फीस अब जोमैटो के बराबर हो गई है। जोमैटो 14.9 रुपये बेस फीस लेती है, जिस पर 2.68 रुपये GST जोड़ने के बाद कुल 17.58 रुपये बनते हैं। दोनों प्लेटफॉर्म अब एक ही प्रभावी कीमत ले रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में दोनों कंपनियों ने अपनी फीस में कई बार बढ़ोतरी की है, जिससे यह साफ दिखता है कि बाजार में कीमतें धीरे-धीरे एक समान स्तर पर लाई जा रही हैं।
कमाई
छोटी फीस से बड़ी कमाई का जरिया
फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म रोजाना करीब 43 से 45 लाख ऑर्डर प्रोसेस करते हैं, जिससे छोटी फीस भी बड़ी कमाई में बदल जाती है। रिपोर्ट के अनुसार, ऐसी फीस से कंपनियां सालाना 3,500 से 4,000 करोड़ रुपये तक कमा रही हैं। बढ़ती लागत और प्रतिस्पर्धा के कारण कंपनियां अब यूजर्स से सीधे चार्ज लेकर अपनी कमाई बढ़ा रही हैं और आगे भी प्लेटफॉर्म फीस में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।