10 साल के बॉन्ड यील्ड में आया उछला, अमेरिकी के ईरान पर हमले का असर
भारत के 10 साल के बॉन्ड यील्ड में मंगलवार (26 मई) को उछाल देखा गया और यह 7.04 फीसदी पर पहुंच गया। यह बढ़ोतरी पिछले दिन हुई भारी गिरावट के ठीक बाद आई है।
इस उछाल की मुख्य वजह ईरान पर अमेरिका के नए हमले हैं, जिन्होंने दुनियाभर में तनाव बढ़ा दिया है। इस तनाव का सीधा असर ब्रेंट क्रूड ऑयल पर पड़ा, जिसके दाम रातभर में 2 फीसदी से भी ज्यादा बढ़कर करीब 98 डॉलर (करीब 9,000 रुपये) प्रति बैरल तक पहुंच गए।
महंगाई बढ़ने की चिंता
अमेरिका के हमलों ने ईरान के साथ चल रही शांति वार्ताओं पर संकट खड़ा कर दिया है। इसके चलते स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने की संभावनाओं पर भी चिंताएं गहरा गई हैं, जो दुनिया में तेल आपूर्ति का एक बेहद अहम समुद्री रास्ता है।
कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से भारत में ईंधन के दाम भी बढ़ने लगे हैं। अर्थशास्त्रियों की मानें तो इससे जल्द ही महंगाई में 10 से 20 बेसिस पॉइंट्स की बढ़ोतरी हो सकती है। इन सब के बीच, भारतीय रुपया भी डॉलर के मुकाबले थोड़ा कमजोर होकर खुला।