आदित्य बिड़ला सन लाइफ ने पेश किए 2 नए लॉन्ग-शॉर्ट इक्विटी फंड
आदित्य बिड़ला सन लाइफ AMC ने निवेश के लिए 2 नए फंड- एपेक्स इक्विटी लॉन्ग-शॉर्ट फंड और एपेक्स इक्विटी एक्स-टॉप 100 लॉन्ग-शॉर्ट फंड पेश किए हैं।
ये फंड बाजार के उतार-चढ़ाव को देखते हुए निवेशकों को अपनी रणनीति तय करने की सुविधा देते हैं। इसके लिए शेयरों को खरीदने (लॉन्ग) और बेचने (शॉर्ट) दोनों तरह की रणनीति अपनाई जाती है।
अगर, आप इनमें निवेश करने में रुचि रखते हैं तो आप 10 से 24 अगस्त तक इसमें पैसा लगा सकते हैं। हालांकि, इसमें निवेश शुरू करने के लिए आपको कम से कम 10 लाख रुपये चाहिए होंगे।
मिडकैप और स्मॉलकैप पर फोकस करता है यह फंड
एपेक्स इक्विटी लॉन्ग-शॉर्ट फंड पूरे शेयर बाजार पर नजर रखता है और बाजार के रुख के हिसाब से अपनी निवेश रणनीति में बदलाव करता रहता है।
दूसरी तरफ, एक्स-टॉप 100 फंड मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों पर खास ध्यान देता है। ये ऐसे क्षेत्र हैं, जिन्होंने हाल के समय में बड़ी कंपनियों के मुकाबले ज्यादा तेजी से बढ़ोतरी दिखाई है।
पिछले 5 सालों के आंकड़ों को देखें तो मिडकैप और स्मॉलकैप ने बड़ी कंपनियों से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है। यही वजह है कि ये फंड बाजार के अलग-अलग दौर में निवेश को बेहतर ढंग से मैनेज करने में अधिक लचीलापन लाते हैं।