अडाणी समूह को अमेरिकी अदालत में मिली जीत, धोखाधड़ी मामला खारिज करने पर हाेगी सुनवाई
क्या है खबर?
अरबपति गौतम अडाणी को धोखाधड़ी के मामले में अमेरिका की अदालत में एक बड़ी राहत मिली है। न्यायाधीश ने उनके अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग (SEC) के धोखाधड़ी मामले को खारिज करने के लिए सुनवाई निर्धारित करने का अनुरोध स्वीकार कर लिया है। अडाणी समूह का कहना है कि इस मामले में आवश्यक क्षेत्राधिकार का अभाव है। यह घटना अडाणी और उनके भतीजे सागर के वकीलों द्वारा मामले को खारिज करने की मांग वाली याचिका दायर करने के बाद हुई।
तर्क
अडाणी समूह ने दिया यह तर्क
अपनी याचिका में अडाणी परिवार के वकीलों ने कहा कि कथित रिश्वतखोरी योजना का समर्थन करने वाला कोई विश्वसनीय सबूत नहीं है। उन्होंने कहा कि SEC के पास इन दोनों व्यक्तियों पर आवश्यक अधिकार क्षेत्र नहीं था। अदालत द्वारा सुनवाई की अनुमति देने के फैसले से अडाणी को यह तर्क देने का मौका मिला है कि नियामक की शिकायत को प्रारंभिक चरण में ही खारिज कर दिया जाना चाहिए, जिससे लंबी जांच प्रक्रिया और मुकदमे से बचा जा सके।
मामला
क्या है कंपनी पर आरोप?
नवंबर, 2024 में SEC द्वारा दायर मामले में आरोप लगाया गया कि अडाणी बंधुओं ने सौर ऊर्जा अनुबंध हासिल करने के लिए भारतीय अधिकारियों को 25 करोड़ डॉलर (करीब 2,300 करोड़ रुपये) से अधिक की रिश्वत देने की कोशिश की। धन जुटाते समय अमेरिकी निवेशकों और बैंकों से इस योजना को छिपाया। अडाणी समूह ने खंडन करते हुए कहा है कि उसकी किसी भी यूनिट या कार्यकारी अधिकारी पर अमेरिकी विदेशी भ्रष्ट आचरण अधिनियम के तहत आरोप नहीं लगाया।