अडाणी की बघीरा AT1 मिसाइल का पोखरण में प्रदर्शन, भारतीय सेना के अधिकारियों ने देखा परीक्षण
क्या है खबर?
अडाणी समूह की रक्षा क्षेत्र से जुड़ी कंपनी अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने राजस्थान के पोखरण में अपनी नई मिसाइल प्रणाली बघीरा AT1 का प्रदर्शन किया। यह वाहन से दागी जाने वाली एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल है। 20 नवंबर को हुए इस कार्यक्रम में भारतीय सेना और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कंपनी ने इस दौरान मिसाइल के अलग-अलग परीक्षण किए, जिनमें दिन और रात में निशाना लगाने के साथ एक ही लक्ष्य पर 2 मिसाइलें दागना शामिल था।
खासियत
लेजर तकनीक से चलती है मिसाइल
बघीरा AT1 को लेजर किरणों के सहारे लक्ष्य तक पहुंचाया जाता है।
इसकी मारक क्षमता 8 किलोमीटर तक बताई गई है। रेडियो संकेतों पर निर्भर नहीं होने के कारण दुश्मन के इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग से इस पर असर पड़ने की आशंका कम रहती है।
कंपनी के मुताबिक, यह एक ही लक्ष्य पर लगातार 2 मिसाइलें दाग सकती है। पहली मिसाइल टैंक की सुरक्षा प्रणाली को निशाना बनाती है, जबकि दूसरी मिसाइल उसके कवच को भेदने के लिए तैयार की गई है।
अन्य खासियत
बख्तरबंद गाड़ी से दागी जा सकती हैं 12 मिसाइलें
पूरे सिस्टम को अडाणी डिफेंस की बनाई 4 पहियों वाली विशेष बख्तरबंद गाड़ी पर लगाया गया है।
इसके लॉन्चर में 4 मिसाइलें दागने के लिए तैयार रहती हैं, जबकि 8 अन्य मिसाइलें गाड़ी में रखी जा सकती हैं। इस तरह एक वाहन पर कुल 12 मिसाइलें ले जाने की क्षमता है।
इसमें दिन और रात में देखने के लिए अलग-अलग उपकरण और स्वचालित निशाना पहचानने वाली व्यवस्था भी दी गई है, जिससे सैनिक सुरक्षित जगह से हमला कर सकते हैं।
अन्य
18 महीने में विकसित की गई पूरी प्रणाली
अडाणी डिफेंस के अनुसार, इस मिसाइल प्रणाली को तैयार करने में 18 महीने लगे।
इसे भारत के मौसम, जमीन और सेना की जरूरतों के मुताबिक विकसित किया गया है। भारतीय सेना फिलहाल मिलान-2टी और कोंकर्स-एम जैसी एंटी-टैंक मिसाइलों का इस्तेमाल करती है।
इसके अलावा, स्पाइक मिसाइलें भी सेना में शामिल की गई हैं। कंपनी का दावा है कि बघीरा AT1 सेना को जमीन से लंबी दूरी तक हमला करने की एक नई क्षमता उपलब्ध करा सकती है।