महाराष्ट्र में बड़े निवेश की तैयारी में अडाणी समूह, 6 लाख करोड़ रुपये से करेगा खर्च
क्या है खबर?
अडाणी समूह महाराष्ट्र में बड़े स्तर पर निवेश करने की तैयारी कर रहा है। अडाणी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर प्रणव अडाणी ने 1 अक्टूबर को राज्य के नए निवेश प्लेटफॉर्म 'इन्वेस्ट महाराष्ट्र' की शुरुआत के दौरान इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समूह ने महाराष्ट्र में 6 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश का ब्लूप्रिंट तैयार किया है। इसमें करीब 2.6 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट पहले ही पूरे हो चुके हैं या फिलहाल उन पर काम चल रहा है।
निवेश
ऊर्जा से डाटा सेंटर तक निवेश
समूह के प्रस्तावित निवेश में ऊर्जा, एविएशन, डाटा सेंटर, शहरी विकास और कोल गैसीफिकेशन जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
इनमें कुछ प्रोजेक्ट महाराष्ट्र में पहले से चल रहे कामों को आगे बढ़ाने से जुड़े हैं। प्रणव अडाणी ने कहा कि महाराष्ट्र के लिए समूह की प्रतिबद्धता लंबे समय से रही है।
उन्होंने बताया कि हालिया निवेश योजनाओं का स्तर पहले के मुकाबले काफी बड़ा है। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन को भी इस विकास में अहम भूमिका वाला क्षेत्र माना जा रहा है।
काम
नवी मुंबई एयरपोर्ट पर भी काम
अडानी समूह के प्रमुख प्रोजेक्ट्स में नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी शामिल है।
प्रणव अडाणी के अनुसार, इसे मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन के लिए एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के तौर पर विकसित किया जा रहा है। पूरी तरह तैयार होने के बाद एयरपोर्ट की क्षमता हर साल 9 करोड़ से ज्यादा यात्रियों को संभालने की होगी।
समूह एयरपोर्ट के आसपास रेजिडेंशियल और कमर्शियल टाउनशिप बनाने की भी योजना पर काम कर रहा है, जिसमें बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी सुविधाएं होंगी।
प्रोजेक्ट
धारावी प्रोजेक्ट पर भी फोकस
महाराष्ट्र में अडाणी समूह का एक बड़ा प्रोजेक्ट धारावी रीडेवलपमेंट से जुड़ा है।
प्रणव अडाणी ने इसे लोगों को ध्यान में रखकर किया जा रहा शहरी विकास कार्यक्रम बताया। इसमें आधुनिक घर बनाने और छोटे कारोबार को व्यवस्थित करने की योजना शामिल है। अडाणी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई में 30 लाख से ज्यादा घरों और अन्य जगहों को बिजली देती है।
समूह राज्य में पंप-स्टोरेज हाइड्रो प्रोजेक्ट और मुंबई तक बिजली पहुंचाने वाले ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट पर भी काम कर रहा है।