एक्सेंचर ने चौथी तिमाही में बिक्री बढ़ाने के लिए खेला अनोखा दांव
एक्सेंचर अपने कर्मचारियों को उनकी बची हुई छुट्टियों को अगले वित्तीय वर्ष में ले जाने की इजाजत दे रहा है। यह एक अस्थायी बदलाव है, जो 1 सितंबर से शुरू होगा।
कंपनी का मकसद है कि ज्यादा से ज्यादा लोग काम पर रहें क्योंकि वह 31 अगस्त को वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले अपनी सेल्स बढ़ाना चाहती है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जूली स्वीट ने एक मेमो में साफ तौर पर कहा, "हमारे शेयरहोल्डर्स हम पर भरोसा कर रहे हैं कि हम चौथी तिमाही (Q4) में एक मजबूत प्रदर्शन दें, इसमें हर कोई योगदान दे सकता है।" उन्होंने आगे कहा, "इसका मतलब है कि हमें ग्राहकों की बेहतर सेवा के नए तरीके खोजने होंगे, ताकि इस तिमाही में ज्यादा राजस्व बन सके। साथ ही, हमें हर तरह की सेल्स पर फोकस करना होगा, ताकि हम मजबूत स्थिति में साल का अंत कर सकें।"
अनुमान के बाद शेयर 18 फीसदी गिरे
यह बदलाव तब आया है, जब पिछली तिमाही में एक्सेंचर की नई बुकिंग्स 2 फीसदी कम हो गई थीं। कंपनी ने अगस्त तक के 3 महीनों के लिए 17.75 से 18.4 अरब डॉलर (करीब 1,700-1,750 अरब रुपये) के बीच राजस्व का अनुमान लगाया दिया था, जो वॉल स्ट्रीट की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा।
निवेशकों ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और शेयर्स एक ही दिन में 18 फीसदी गिर गए, जो कंपनी के इतिहास में सबसे बड़ी गिरावटों में से एक रही।
इसके साथ ही कंसल्टिंग सेक्टर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के असर को लेकर भी कुछ चिंता है। भले ही स्वीट ने बिजनेस के लिए AI को मददगार बताया था।