सोने में जनवरी के बाद एक सप्ताह में बड़ी 7 फीसदी की उछाल, जानिए क्या है वजह
सोने की कीमत में इस सप्ताह 7 फीसदी की उछाल देखी गई, जो 19 जनवरी के बाद की सबसे ज्यादा साप्ताहिक बढ़ोतरी है।
शुक्रवार को ही सोना जून के मध्य के बाद पहली बार इतनी ऊंचाई पर पहुंच गया। इसके पीछे 2 बड़ी वजहें हैं। पहली कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और दूसरी अमेरिका से आए नौकरियों के आंकड़े उम्मीद से कहीं ज्यादा कमजोर रहे।
इन्हीं वजहों से निवेशकों ने सोने को पैसा लगाने के लिए एक सुरक्षित विकल्प माना, जिससे इसकी मांग तेजी से बढ़ी।
दक्षिण कोरिया ने 13 साल बाद फिर खरीदा सोना
कच्चे तेल की कीमतों में कमी से महंगाई की चिंता कुछ कम हुई। साथ ही, इससे अमेरिका में एक और ब्याज दर बढ़ने की संभावना भी कम हो गई।
इतना ही नहीं जुलाई में अमेरिका के रोजगार के आंकड़े 23,000 तक घट गए। इन आंकड़ों के बाद बाजार में यह चर्चा तेज हो गई कि फेडरल रिजर्व अब ब्याज दरें बढ़ाने पर कुछ समय के लिए रुक सकता है।
केंद्रीय बैंक भी कहां पीछे रहने वाले थे। उन्होंने भी अपनी खरीदारी जारी रखी और पिछली तिमाही में कुल 288.9 मीट्रिक टन सोना खरीदा।
खास बात यह रही कि दक्षिण कोरिया ने 13 साल बाद फिर से सोने की खरीद शुरू की है। यह सब साफ इशारा करता है कि सोने को अब लोग लंबे समय के लिए एक सुरक्षित निवेश के तौर पर देख रहे हैं और इस तरफ उनका रुझान भी बढ़ रहा है।