6 कंपनियों को हुआ करीब 65,000 करोड़ रुपये का नुकसान, जानिए शीर्ष-10 के आंकड़े
क्या है खबर?
पिछले सप्ताह शीर्ष-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 6 का संयुक्त बाजार मूल्यांकन 64,734 करोड़ रुपये कम हो गया, जिसमें भारती एयरटेल को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। यह शेयर बाजार में व्यापक कमजोरी को दर्शाता है। इस दौरान BSE का बेंचमार्क सेंसेक्स 263.67 अंक या 0.35 प्रतिशत और NSE का निफ्टी 106.5 अंक या 0.46 प्रतिशत गिरा है। अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि से व्यापक स्तर पर बिकवाली का दबाव उत्पन्न हुआ है।
गिरावट
इन कंपनियों का गिरा पूंजीकरण
भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन 29,993 करोड़ घटकर 10.20 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि ICICI बैंक का 12,845 करोड़ गिरकर 8.7 लाख करोड़ रुपये हो गया। साथ ही बजाज फाइनेंस का पूंजीकरण 11,169 करोड़ की गिरावट के बाद 5.14 लाख करोड़, HDFC बैंक का 7,822 करोड़ घटकर 11.56 लाख करोड़ और हिंदुस्तान यूनिलीवर का पूंजीकरण 2,349 करोड़ घटकर 4.85 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का पूंजीकरण 553 करोड़ रुपये घटा है।
फायदा
इन कंपनियों में किया निवेश
पिछले सप्ताह 4 ऐसी कंपनियां भी रही हैं, जिनकी बाजार हैसियत में सुधार हुआ है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का मूल्यांकन 22,359 करोड़ बढ़कर 8.87 करोड़ रुपये हो गया। इंफोसिस का मार्केट कैप 12,374 करोड़ बढ़कर 5.27 लाख करोड़, लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का 6,575 करोड़ बढ़कर 4.97 लाख करोड़ रुपये हो गया है। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज का 3,518 करोड़ बढ़कर 18.28 लाख करोड़ रुपये हो गया और यह सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है।