कार में AC ऑन करते ही बदबू क्यों आती है? इसे दूर करने का सही तरीका
क्या है खबर?
गर्मी में कार का AC चालू करते ही बदबू आने लगे, तो सफर का मजा खराब हो जाता है। कई लोग इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन लगातार आने वाली गंध AC सिस्टम में गंदगी या नमी का संकेत हो सकती है। खासकर AC बंद रहने, गीली कारपेट या पुराने फिल्टर की वजह से समस्या बढ़ सकती है। अच्छी बात है कि कुछ आसान तरीकों से बदबू दूर की जा सकती है।
वजह
गंदा फिल्टर हो सकता है वजह
AC से बदबू आने की सबसे आम वजह केबिन एयर फिल्टर में जमा धूल और गंदगी है।
इसके अलावा, AC के अंदर नमी रहने से फंगस और बैक्टीरिया भी पनप सकते हैं, जिससे चालू करते ही सीलन जैसी गंध आती है। अगर कार में खाना, गीले कपड़े या पानी गिरा हो, तो भी बदबू बढ़ सकती है।
इसलिए सबसे पहले केबिन फिल्टर की जांच करें और जरूरत पड़ने पर उसे साफ या बदल दें।
सफाई
AC की सफाई से मिलेगी राहत
बदबू दूर करने के लिए AC केबिन फिल्टर को समय पर साफ या बदलना जरूरी है।
AC की सर्विस के दौरान इसके इवैपोरेटर और एयर वेंट की भी सफाई करानी चाहिए। अगर नमी जमा रहती है, तो कार पार्क करने से कुछ मिनट पहले AC बंद करके पंखा चलाएं।
इससे सिस्टम की नमी सूखने में मदद मिलेगी और फंगस बनने की संभावना कम होगी। कार के अंदर भी गंदगी और नमी जमा न होने दें।
सर्विस
ज्यादा बदबू हो तो सर्विस कराएं
अगर सफाई और फिल्टर बदलने के बाद भी AC से तेज बदबू आती रहे, तो कार को सर्विस सेंटर पर दिखाना बेहतर है।
मैकेनिक AC ड्रेन पाइप, इवैपोरेटर और दूसरे हिस्सों की जांच करके समस्या की सही वजह बता सकता है। बदबू छिपाने के लिए सिर्फ परफ्यूम या एयर फ्रेशनर का इस्तेमाल करना स्थायी समाधान नहीं है।
समय पर सफाई कराने से AC की हवा साफ रहेगी और सिस्टम भी बेहतर तरीके से काम करेगा।