दौड़ती कार में रिवर्स गियर लगाना पड़ जाएगा महंगा, जानिए क्या होगा नुकसान
क्या है खबर?
कार चलाने के लिए सबसे जरूरी बात गियर सिस्टम की समझ होती है। इसमें चूक हादसे के साथ आपको बड़े नुकसान की तरफ धकेल सकती है। कई लोगों रिवर्स गियर को लेकर एक गलती कर बैठते हैं, जो बहुत खतरनाक साबित हो सकती है। चलती कार में रिवर्स गियर डालना न केवल तकनीकी रूप से गलत है, बल्कि नुकसानदायक भी होता है। आइये जानते हैं चलती कार में रिवर्स गियर लगाने के क्या खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
मैनुअल
मैनुअल कार में यह होगा असर
कार को आगे दौड़ाने के लिए फॉरवर्ड गियर्स होते हैं, जबकि पीछे जाने के लिए रिवर्स गियर होता है। चलती कार में रिवर्स डालना सामान्य स्थिति नहीं है। मैनुअल कार में ऐसा किया जाए तो गियर आपस में सही मैच नहीं होने के कारण तेज आवाज आएगी। कई बार तो गियर लगेगा ही नहीं और जबरदस्ती करेंगे तो गियर चक्के टूटने से गाड़ी चलने लायक नहीं रहेगी। इसके अलावा झटके से रुक सकती है, जिससे हादसा भी हो सकता है।
ऑटाेमैटिक
ऑटोमैटिक कार में क्या होगा नुकसान?
ऑटोमैटिक कारों में इस तरह की गलती होने की संभावना बहुत कम होती है। इनमें सेफ्टी सिस्टम दिया जाता है, जो चलती कार में रिवर्स या पार्क मोड लगाने से रोकता है। जब गाड़ी आगे बढ़ रही होती है, तब गियर लीवर लॉक हो जाता है और चाहकर भी रिवर्स में शिफ्ट नहीं कर सकते। किसी कारण से सेफ्टी सिस्टम काम नहीं करता या गियर लॉक खराब हो जाए तो इसमें भी मैनुअल कार जैसा नुकसान हो सकता है।