बारिश के पानी के बीच बंद हो गई कार? इन तरीकों से नुकसान बचाएं
क्या है खबर?
बारिश में सड़क पर भरे पानी में कार बंद होने पर काफी खतरनाक स्थिति हो सकती है। ऐसे में अक्सर चालक घबरा कर गलती कर बैठते हैं, जिससे हालात और बिगड़ जाते हैं। आपकी गाड़ी को भारी नुकसान हो सकता है, जो आपकी जेब पर भारी पड़ जाता है। अगर, आप भी कहीं गहरे पानी के रास्तों से गुजर रहे हैं और गाड़ी बंद हो जाए तो आइए जानते हैं किन बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है।
इंजन
कभी न करें यह गलती
इंजन स्टार्ट: पानी में बंद हुई कार को बार-बार स्टार्ट करने की कोशिश ना करें क्योंकि ऐसा करने से पानी एग्जॉस्ट या एयर फिल्टर के जरिए इंजन के पिस्टन तक पहुंच जाता है।
इसे हाइड्रोलॉक कहते हैं, जिससे इंजन पूरी तरह से ब्लॉक हो जाता है।
इग्निशन करें बंद: चाबी निकाल कर इग्निशन को तुरंत बंद कर दें, इससे गाड़ी के सेंसर और इलेक्ट्रिकल कंपोनेंट शॉर्ट सर्किट होने से बच जाएंगे। पानी बढ़ने पर खिड़कियों को खोल दें।
सुरक्षा
खतरे से पहले सुरक्षित बाहर निकलें
सुरक्षित बाहर निकलें: अगर, पानी का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है तो कार के अंदर बैठने के बजाय तुरंत ही उससे बाहर निकलने की कोशिश करें।
दरवाजे न खुलें तो खिड़की का कांच खोलकर या तोड़कर बाहर निकलें।
गाड़ी को किनारे करें: अगर, पानी का बहाव ज्यादा तेज न हो या धीमा हो और आप सेफ महसूस कर रहे हों तो कार तो न्यूट्रल में डालकर धक्का देकर सड़क के किनारे या कम पानी वाली जगह पर ले जाएं।
जांच
पानी की करें जांच
टोइंग से संपर्क: अगर, कार आपसे नहीं निकल रही तो इसे बाहर निकालने के लिए टो ट्रक बुलाएं। इसके अवावा, अपनी बीमा कंपनी को तुरंत ही घटना की सूचना दें।
इसके बाद मैकेनिक की मदद से गाड़ी की जांच कराएं।
जांच करें: कार का डिपस्टिक निकालने पर ऑयल के साथ पानी की बूंदें या सफेद झाग दिखे तो समझ जाएं कि इंजन में पानी जा चुका है। मैकेनिक से स्पार्क प्लग या इंजेक्टर खुलवाकर पहले पानी बाहर निकलवाएं।