LOADING...
कार में CNG लगवाने से पहले क्या जानना जरूरी है?
कई लोग अपनी कार में CNG किट लगवाने पर विचार कर रहे हैं

कार में CNG लगवाने से पहले क्या जानना जरूरी है?

Jun 10, 2026
09:34 am

क्या है खबर?

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच कई लोग अपनी कार में CNG किट लगवाने पर विचार कर रहे हैं। CNG से चलने वाली कार का खर्च आमतौर पर कम आता है और यह ईंधन पर्यावरण के लिए भी बेहतर माना जाता है। हालांकि, केवल कम खर्च देखकर फैसला लेना सही नहीं होता। कार में CNG लगवाने से पहले कुछ जरूरी बातों को समझना जरूरी है, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी या अतिरिक्त खर्च का सामना न करना पड़े।

#1

कार के लिए सही CNG किट चुनना जरूरी

CNG किट लगवाने से पहले यह जांच लें कि आपकी कार में कौन सी किट उपयुक्त रहेगी। हमेशा सरकार से मंजूर और अच्छी कंपनी की किट ही लगवानी चाहिए। सस्ती या बिना प्रमाणित किट सुरक्षा के लिहाज से जोखिम पैदा कर सकती है। CNG किट किसी अधिकृत सेंटर से ही लगवाएं। सही इंस्टॉलेशन से इंजन की कार्यक्षमता बनी रहती है और वाहन लंबे समय तक बेहतर तरीके से चलता है।

#2

बूट स्पेस और परफॉर्मेंस पर पड़ सकता है असर

CNG सिलेंडर कार के बूट में लगाया जाता है, जिससे सामान रखने की जगह कम हो सकती है। इसके अलावा, कुछ मामलों में कार की पिकअप और इंजन की ताकत में हल्का फर्क महसूस हो सकता है। इसलिए अगर आप लंबी यात्राएं करते हैं या ज्यादा सामान लेकर चलते हैं, तो इस बात को पहले ही ध्यान में रखना चाहिए। अपनी जरूरत और उपयोग के अनुसार ही CNG लगाने का फैसला करना बेहतर रहता है।

Advertisement

#3

सुरक्षा और मेंटेनेंस का रखें खास ध्यान

CNG किट लगने के बाद नियमित सर्विस और समय-समय पर जांच करवाना बहुत जरूरी होता है। गैस पाइप, वाल्व और सिलेंडर की स्थिति पर नजर रखनी चाहिए। किसी तरह की गैस लीकेज या खराबी दिखने पर तुरंत जांच करानी चाहिए। इसके साथ ही, अपने इलाके में CNG स्टेशन की उपलब्धता भी पहले जरुर देख लें। सही देखभाल और सावधानी के साथ CNG आपकी कार के खर्च को काफी कम कर सकती है।

Advertisement