अगस्त में मारुति सुजुकी की बिक्री में वैगनआर सबसे आगे, 20,000 से ज्यादा ने खरीदी
क्या है खबर?
मारुति सुजुकी ने अगस्त में घरेलू बाजार की बिक्री में सालाना आधार पर 35 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है। उसने डीलर्स को 1.76 लाख गाड़ियां भेजी गई, जिसके मुकाबले अगस्त, 2025 में यह आंकड़ा 1.31 लाख था। पिछले महीने कंपनी का सबसे ज्यादा बिकने वाला मॉडल मारुति वैगनआर था, जिसकी 20,180 गाड़ियां बिकीं। इसकी बिक्री अगस्त, 2025 की 23,338 के मुकाबले सालाना 14 फीसदी कम रही और जुलाई के मुकाबले भी 14 फीसदी कम है।
स्विफ्ट
दूसरे पायदान पर रही स्विफ्ट
कार निर्माता की मॉडलवार बिक्री देखें तो मारुति सुजुकी स्विफ्ट दूसरे पायदान पर रही, जिसकी 19,832 गाड़ियां बिकीं। अगस्त, 2025 की 12,385 बिक्री के मुकाबले यह सालाना आधार पर 60 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
दूसरी तरफ, फ्राेंक्स 18,730 बिक्री के साथ तीसरे नंबर पर रही। पिछले साल के मुकाबले इसकी आपूर्ति में 51 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, लेकिन जुलाई के मुकाबले इसमें 4 फीसदी की गिरावट आई है।
चौथे नंबर पर रही मारुति सुजुकी अर्टिगा की बिक्री 18,516 रही है।
डिजायर
डिजायर की बिक्री 18,000 के पार
पिछले महीने मारुति डिजायर 18,418 बिक्री के साथ 5वें पायादान पर रही, जो पिछले साल के मुकाबले 12 फीसदी ज्यादा है।
ब्रेजा की बिक्री सालाना 12 फीसदी बढ़कर 15,288, विक्टोरिस की बिक्री 15 फीसदी बढ़कर 12,978 हो गई।
इसी प्रकार मारुति बलेनो की बिक्री 15,746 रही, जो सालाना 25 फीसदी बढ़ी है, जबकि ईको की आपूर्ति 11,961 रही है। अगस्त में ऑल्टो की बिक्री 8,692, ग्रैंड विटारा की 7,808 और सेलेरियो की 2,990 रही है।