फॉक्सवैगन ने भारत में लॉन्च की टाइगुन फेसलिफ्ट, जानिए इसके फीचर्स और कीमत
क्या है खबर?
कार निर्माता फॉक्सवैगन ने भारत में अपनी टाइगुन फेसलिफ्ट को लॉन्च कर दिया है। इसमें स्टाइलिंग बदलाव, अधिक सुविधाओं से लैस केबिन और एक नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन विकल्प शामिल किया है। 2026 फॉक्सवैगन टाइगुन फेसलिफ्ट 7 ट्रिम्स- कम्फर्टलाइन, हाईलाइन, हाईलाइन प्लस, टॉपलाइन, GT लाइन, GT प्लस क्रोम और GT प्लस स्पोर्ट में उपलब्ध होगी। कंपनी ने इसके साथ एक नई सुनिश्चित बायबैक योजना की भी घोषणा की है, जिसके तहत एक्स-शोरूम कीमत का 75 फीसदी वापस मिलेगा।
एक्सटीरियर
स्टाइल में किए गए हैं ये बदलाव
फॉक्सवैगन ने टाइगुन फेसलिफ्ट को अधिक आकर्षक और प्रीमियम लुक दिया है। सामने की तरफ नया डिजाइन दिया है, जिसमें बड़ी नए हेडलाइट्स हैं, जो स्लीक LED DRL से जुड़ी हैं और फ्रंट ग्रिल को नया रूप दिया है। पीछे कनेक्टेड LED टेल-लैंप्स और ब्लैक आउट ताइगुन बैज दिए हैं और नए स्टाइल के अलॉय व्हील्स इसे और दमदार बनाते हैं। इसमें 2 नए रंग विकल्प- एवोकाडो पर्ल और स्टील ग्रे जुड़ने के बाद कुल विकल्प 9 हो गए हैं।
इंटीरियर
केबिन में भर-भर के मिली हैं सुविधाएं
इंटीरियर की बात करें तो इसमें 15 इंटीग्रेटेड ऐप तक सपोर्ट करने वाला 10.09-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन सपोर्ट के साथ 9-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया है। SUV में 'हेलो फॉक्सवैगन' वॉयस असिस्टेंट मिलता है, जिससे क्लाइमेट सेटिंग, म्यूजिक प्लेबैक और अन्य फंक्शंस को बिना हाथ लगाए कंट्रोल किया जा सकता है। समर मोड के साथ पैनोरमिक सनरूफ, स्टैंडर्ड रियर विंडशील्ड वाइपर, क्लाइमेट कंट्रोल AC और 6-वे इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसी सुविधाएं हैं।
कीमत
कितनी है नई टाइगुन की कीमत?
नई टाइगुन में पिछले मॉडल के समान 1.0-लीटर TSI टर्बो-पेट्रोल इंजन (114hp/178Nm) दिया है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है, जबकि 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स की जगह अब 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलता है। इसके अलावा 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन (147hp/250Nm) के साथ 6-स्पीड मैनुअल या 7-स्पीड DSG ऑटोमैटिक का विकल्प दिया है। सुरक्षा के लिए 6 एयरबैग, मल्टी-कोलिजन ब्रेकिंग, पार्किंग सेंसर सहित 40 से अधिक अतिरिक्त सुरक्षा सुविधाएं हैं। इसकी कीमत 11-19.30 लाख रुपये (एक्स-शाेरूम) के बीच है।