फॉक्सवैगन ने की भारत के लिए नई कॉम्पैक्ट SUV की पुष्टि, जानिए कब देगी दस्तक
क्या है खबर?
फॉक्सवैगन ने भारतीय बाजार के लिए नई कॉम्पैक्ट SUV के आने की पुष्टि कर दी है। 2027 में होने वाले लॉन्च से पहले एक टीजर में इस मॉडल की पहली झलक मिली है। टीजर इमेज में SUV का ज्यादातर हिस्सा कवर से ढका हुआ है और इसके ओवरऑल डिजाइन के बारे में कम जानकारी मिलती है। इसमें सामने के हिस्से की आउटलाइन और फॉक्सवैगन बैज की झलक देखी जा सकती है, जबकि हेडलैंप का आकार टेरा जैसा लगता है।
प्लेटफॉर्म
ऐसा होगा गाड़ी का प्लेटफॉर्म
आने वाली SUV को स्थानीय स्तर पर बनाया जाएगा और यह MQB-A0-IN आर्किटेक्चर पर आधारित होगी, जिससे देश की सबसे प्रतिद्वंद्वी श्रेणी में फॉक्सवैगन की मौजूदगी और मजबूत होगी।
फॉक्सवैगन ने अभी तक नई SUV का नाम नहीं बताया है।
टीजर से टेरा के साथ इसके संबंध की पुष्टि नहीं होती, लेकिन हेडलाइट के डिजाइन में समानता है। हालांकि, यह नहीं कहा जा सकता कि यह टेरा का भारतीय वर्जन होगा या नई SUV होगी।
फायदा
कंपनी को इस सेगमेंट में होगा फायदा
नई फॉक्सवैगन SUV भारत की सब-4-मीटर श्रेणी में आएगी, जिसमें देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली गाड़ियां पहले से मौजूद हैं।
इस सेगमेंट में हुंडई वेन्यू, टाटा नेक्सन, मारुति सुजुकी ब्रेजा, किआ सोनेट और महिंद्रा XUV 3XO जैसी प्रमुख गाड़ियां शामिल हैं।
हाल के सालों में कंपनी इस सेगमेंट से काफी हद तक दूर रही है क्योंकि टाइगुन को सब-4-मीटर श्रेणी से ऊपर रखा गया। इसलिए, नया मॉडल जर्मन कार निर्माता को टाइगुन से छोटी और ज्यादा किफायती SUV देगा।