LOADING...
विनफास्ट ने भारत में लॉन्च की VF MPV 7, जानिए फीचर्स और कीमत
विनफास्ट VF MPV 7 भारत में कंपनी का तीसरा मॉडल है

विनफास्ट ने भारत में लॉन्च की VF MPV 7, जानिए फीचर्स और कीमत

Apr 15, 2026
02:06 pm

क्या है खबर?

वियतनाम की कार निर्माता विनफास्ट ने VF MPV 7 इलेक्ट्रिक MPV लॉन्च की है, जिसे एक ही वेरिएंट में पेश किया गया है। यह VF6 और VF7 के बाद कंपनी का भारतीय बाजार में तीसरा मॉडल है। कार निर्माता का दावा है कि VF MPV 7 एक बार चार्ज करने पर ARAI-प्रमाणित 517 किलोमीटर की रेंज प्रदान करने में सक्षम है। इसका सीधा मुकाबला BYD ईमैक्स 7 और किआ कैरेंस क्लाविस EV जैसी इलेक्ट्रिक MPV कारों से होगा।

एक्सटीरियर 

बॉक्सी लुक में पेश की गई है VF MPV 7

VF MPV 7 का बॉक्सी सिल्हूट है और इसके कुछ डिजाइन डिटेल्स VF6 और VF7 से मिलते-जुलते हैं। फ्रंट में पतली OLED लाइटबार्स हैं, जो विनफास्ट लोगो के साथ जुड़ जाती हैं। इसमें वर्टिकल रूप से लगी LED प्रोजेक्टर हेडलाइट्स, बंद ग्रिल और फ्रंट बंपर पर रफ ब्लैक हिस्सा है, जिसमें कुछ हॉरिजॉन्टल लाइंस हैं। साइड में 19-इंच के एयरोडायनामिक अलॉय व्हील्स, बॉडी कलर ORVMs और पीछे कनेक्टेड LED टेललाइट बार, रूफ-माउंटेड स्पॉइलर, रियर वाइपर और वॉशर दिया है।

इंटीरियर 

ऐसा है गाड़ी का इंटीरियर

केबिन ब्लैक और ग्रे रंग के साथ-साथ ऑल ब्लैक थीम विकल्पों में उपलब्ध है। इसमें 7 सीटें हैं, जिनमें से सभी में एडजस्टेबल हेडरेस्ट, 3-पॉइंट सीटबेल्ट और लेदरेट अपहोल्स्ट्री दी गई है। डैशबोर्ड के सेंटर में 10.1-इंच का इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन है, जो इंस्ट्रूमेंटेशन और क्लाइमेट कंट्रोल डिस्प्ले का भी काम करता है। इसमें टिल्ट और टेलिस्कोपिक एडजस्टेबल 3-स्पोक फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील और कॉलम-माउंटेड ड्राइव सेलेक्टर दिया है। सेंटर कंसोल में वायरलेस फोन चार्जर, 2 कप होल्डर और स्टोरेज स्पेस है।

Advertisement

फीचर 

MPV में मिलती हैं ये सुविधाएं

सुविधाओं की बात करें तो इसमें वन-टच अप/डाउन और एंटी-पिंच फंक्शन के साथ चारों पावर विंडो, तीनों पंक्तियों के लिए वेंट के साथ ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और पावर ड्राइवर सीट भी मिलती है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए इसमें 6 एयरबैग, सेंसर के साथ रियर पार्किंग कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, हिल होल्ड असिस्ट और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) दिया गया है। इसमें सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा और ADAS जैसी सुविधाएं नहीं हैं, जो इसके प्रतिद्वंद्वी मॉडल्स में उपलब्ध हैं।

Advertisement

कीमत 

कितनी है इस EV की कीमत?

VF MPV 7 में 60.13kWh की बैटरी लगाई है, जिसे फ्रंट-एक्सल पर लगी इलेक्ट्रिक मोटर (204hp/280Nm) के साथ जोड़ा है। यह 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार 9 सेकेंड से कम समय में पकड़ लेती है। इसमें 3 ड्राइविंग मोड- इको, नॉर्मल और स्पोर्ट के साथ ब्रेक रीजनरेशन मोड भी मिलता है। इसे 80kW तक के DC फास्ट चार्जर से 30 मिनट में 10-70 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है। इस इलेक्ट्रिक कार की कीमत 24.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।

Advertisement