LOADING...
अप्रैल में वाहनों की अब तक की सर्वाधिक 26.11 लाख खुदरा बिक्री दर्ज
अप्रैल में वाहनों की रिकॉर्ड खुदरा बिक्री दर्ज हुई

अप्रैल में वाहनों की अब तक की सर्वाधिक 26.11 लाख खुदरा बिक्री दर्ज

May 05, 2026
11:36 am

क्या है खबर?

देश में कुल ऑटोमोबाइल खुदरा बिक्री अप्रैल में 12.94 प्रतिशत की वृद्धि के साथ रिकॉर्ड 26.11 लाख से ऊपर पहुंच गई है। यह आंकड़ा पिछले साल इसी महीने में 23.12 लाख था। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) की ओर से मंगलवार (5 मई) को खुदरा बिक्री के आंकड़े जारी किए गए हैं। संगठन ने इस वृद्धि के लिए GST में कमी से किफायती कीमतें, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की अनुकूल ब्याज दर और शादी के सीजन को बताया है।

सेगमेंट 

किस सेगमेंट में कितनी हुई बिक्री?

FADA के अनुसार, कारों की खुदरा बिक्री पिछले महीने रिकॉर्ड 4.07 लाख रही, जबकि अप्रैल, 2025 में यह 3.63 लाख थी, जो 12.21 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। आंकड़ों में बताया है कि दोपहिया वाहनों ने पिछले महीने 19.16 लाख की अब तक की सर्वश्रेष्ठ मासिक बिक्री दर्ज की, जबकि पिछले वर्ष अप्रैल में यह संख्या 16.95 लाख थी, जो 13.01 प्रतिशत की वृद्धि है। इसी प्रकार, तिपहिया वाहनों की बिक्री 1.06 लाख रही, जो अप्रैल, 2025 में 99,741 थी।

तुलना 

शहरों की तुलना में ग्रामीण इलाकों का प्रदर्शन बेहतर

एसोसिएशंस के उपाध्यक्ष साई गिरिधर ने बताया कि यह अप्रैल के महीने की अब तक की सबसे अधिक खुदरा बिक्री है। 6 वाहन श्रेणियों में से 5 ने सर्वकालिक रिकॉर्ड दर्ज किए। यह दर्शाता है कि वित्त वर्ष 2026 की दूसरी छमाही में मांग की जो गति देखी गई थी, वह नए वित्त वर्ष में भी जारी है। साथ ही ग्रामीण बिक्री में 20.40 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो शहरी वृद्धि दर 7.11 प्रतिशत से लगभग 3 गुना अधिक है।

Advertisement